बिजली पोल टूटने से अंधेरे में डूबा इलाका, इंटरचेंज व स्थानीय रोजगार की उठी मांग
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के बगियारी मोड़ के समीप 5 जनवरी को विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कोलकाता–वाराणसी एक्सप्रेस-वे निर्माण कार्य में लगी एजेंसी की भारी वाहनों की लापरवाही के कारण 8 से 10 बिजली पोल के तार टूटकर गिर गए हैं, जिससे पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है।
ग्रामीणों ने गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि हाई टेंशन विद्युत लाइन के ठीक नीचे स्टॉक यार्ड किसकी अनुमति से बनाया गया है। आंदोलनकारियों का कहना था कि यह न केवल नियमों का खुला उल्लंघन है, बल्कि किसी बड़े हादसे को भी आमंत्रण दे रहा है। इसी लापरवाही के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन और निर्माण एजेंसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
आंदोलन के दौरान स्थानीय रहिवासियों ने एक्सप्रेस-वे निर्माण कार्य में स्थानीय मजदूरों को प्राथमिकता देने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गयी। साथ ही बगियारी मोड़ में इंटरचेंज निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने एकजुटता दिखाई।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि इंटरचेंज का निर्माण नहीं हुआ, तो कसमार एवं आसपास के क्षेत्रों को इस राष्ट्रीय परियोजना का कोई प्रत्यक्ष लाभ नहीं मिलेगा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र विद्युत व्यवस्था बहाल नहीं की गई, अवैध रूप से बनाए गए स्टॉक यार्ड को नहीं हटाया गया, स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार नहीं दिया गया और बगियारी मोड़ में इंटरचेंज निर्माण को लेकर ठोस पहल नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
![]()













Leave a Reply