Advertisement

सेल प्रबंधन ठेका कर्मियों को ओवरटाइम भुगतान नहीं किया तो 7 से चक्का जाम-रामा पांडे

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में गुवा स्थित यूनियन कार्यालय में 5 नवंबर को ठेका मजदूरों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने की। उन्होंने कहा कि सेल प्रबंधन द्वारा ठेका कर्मियों का अक्टूबर माह से ओवरटाइम का भुगतान रोक दिया गया है, जिससे मजदूरों में गहरी नाराज़गी है। पांडे ने कहा कि यूनियन ने तीन दिन पूर्व इस मुद्दे को लेकर आंदोलन किया था, जिसके बाद सेल प्रबंधन ने आश्वासन दिया था कि 7 नवंबर तक सभी ठेका कर्मियों को ओवरटाइम का भुगतान कर दिया जाएगा। लेकिन बीते 4 नवंबर की देर रात तक ठेका कर्मियों के ओवरटाइम भुगतान को लेकर गुवा के ठेकेदारों के साथ हुई बैठक में कोई ठोस निर्णय नहीं निकल पाया है।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि आगामी 7 नवंबर तक ठेका मजदूरों को ओवरटाइम का पैसा नहीं दिया गया, तो झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के नेतृत्व में गुवा सेल में चक्का जाम आंदोलन किया जाएगा। इस आंदोलन में न सिर्फ ठेका मजदूर, बल्कि आसपास के गांवों के बेरोजगार युवा-युवतियां भी शामिल होंगे। पांडे ने मांग की कि गुवा सेल में बाहरी कामगारों की भर्ती पर रोक लगाई जाए और स्थानीय आईटीआई एवं डिप्लोमा धारक युवाओं को रोजगार के अवसर दिए जाएं, ताकि क्षेत्र के बेरोजगारों को न्याय मिल सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *