प्रहरी संवाददाता/धनबाद (झारखंड)। राइजिंग चैरिटेबल सोसाइटी द्वारा देश के प्रथम राष्ट्रपति एवं संविधान सभा के अध्यक्ष देशरत्न डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद की 141वीं जन्म जयंती का आयोजन 3 दिसंबर को स्थानीय राजेंद्र पार्क न्यू टाउन हॉल के निकट किया गया।
जानकारी के अनुसार जन्म जयंती कार्यक्रम को लेकर सोसाइटी ने पूरे पार्क को फूल-मालाओं, रंग-बिरंगे गुब्बारों और आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया, जिससे संपूर्ण परिसर उत्सव के रंग में रंग गया। मुख्य अतिथि एवं गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में शहर के कई प्रमुख जनों ने शिरकत की, जिनमें प्रमुख रूप से धनबाद विधायक राज सिन्हा, ए के सहाय, निवर्तमान पार्षद अशोक पाल, पूर्व पार्षद मनोरंजन कुमार, भाजपा नेत्री रमा सिन्हा, कायस्थ महासभा के अध्यक्ष रवि श्रीवास्तव, संजीव रंजन, राजू मालाकार, विशु सिंह, साइमन व् अनेक बुद्धिजीवी एवं राइजिंग सोसाइटी के सक्रिय सदस्य ने देशरत्न डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर विधायक राज सिन्हा ने डॉ राजेंद्र प्रसाद के सादगीपूर्ण जीवन, उच्च नैतिक आदर्शों, अद्भुत स्मरण शक्ति, दूरदर्शी नेतृत्व, संविधान निर्माण में उनके अतुल योगदान, स्वतंत्र भारत के प्रथम राष्ट्रपति के रूप में निरंतर 12 वर्षों तक की गई सेवा तथा स्वतंत्रता आंदोलन में गांधीजी के सहयोग जैसे बहुमूल्य पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डॉ राजेंद्र प्रसाद का जीवन आज भी पूरे देश के लिए प्रेरणा स्रोत है। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने भी देशरत्न के व्यक्तित्व के विभिन्न अनछुए एवं प्रेरक पहलुओं को साझा करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
![]()













Leave a Reply