एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में विभिन्न प्रखंडों में 27 नवंबर को आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार सेवा का अधिकार सप्ताह के तहत आयोजित शिविरों में लाभुको की भारी उपस्थिति देखी गई। सुबह से ही ग्रामीण रहिवासी बड़ी संख्या में अपने पंचायत सचिवालय में लगे शिविर में पहुंचे, जिससे स्पष्ट है कि अभियान के सातवें दिन भी सरकारी सेवाओं व योजनाओं को लेकर रहिवासियों में उत्साह बरकरार है।
बताया जाता है कि लगभग सभी शिविरों में जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों ने लाभुकों की समस्याओं और आवेदनों को गंभीरता से सुना। कई मामलों का समाधान मौके पर ही किया गया, जबकि शेष आवेदनों को त्वरित कार्रवाई हेतु संबंधित विभागों को सौंपा गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य सरकारी सेवाएं आमजनों के दरवाजे पर पहुंचाकर अनावश्यक दौड़-भाग कम करना है। इस अवसर पर विभिन्न प्रखंडों के वरीय नोडल पदाधिकारियों ने दिनभर शिविरों का निरीक्षण किया।
उन्होंने विभागीय स्टालों की प्रगति की समीक्षा की और ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया। निरीक्षण करने वाले अधिकारियों में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, डीपीएलआर निदेशक मेनका, एसडीओ चास प्रांजल ढांडा, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, जिला परिवहन पदाधिकारी मारुति मिंज, एसडीओ बेरमो मुकेश मछुवा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी शालिनी खालको, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी द्वारिका बैठा तथा जिला पंचायती राज पदाधिकारी मो. शफीक आलम शामिल थे। निरीक्षण क्रम में अधिकारियों ने लाभुकों की समस्याओं को समझते हुए विभागीय टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सेवा का अधिकार सप्ताह अभियान में बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त किए गये। जिन सेवाओं के लिए अधिक आवेदन आए उनमें मुख्य रूप से जाति प्रमाण पत्र, स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन व अन्य लोक कल्याणकारी योजनाएं शामिल है। इस अवसर पर ग्रामीणों ने कहा कि पहले कार्यों के लिए कई कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब एक ही स्थान पर सभी सेवाएं मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिल रही है।

इस दौरान जिला व् प्रखंड प्रशासन द्वारा शिविरों में उत्तम प्रबंधन सुनिश्चित किया गया। पंचायत परिसरों में हेल्प डेस्क, पेयजल व्यवस्था, बैठने की उचित व्यवस्था, पुलिस सहायता केंद्र, मीडिया सेंटर, तकनीकी सहयोग उपलब्ध था, जिससे जरूरतमंदो को प्रक्रिया पूरी करने में किसी भी प्रकार की कठिनाई नहीं हुई। लाभुकों ने कहा कि आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार अभियान सेवा वितरण को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बना रहा है।
![]()













Leave a Reply