Advertisement

उपायुक्त की अध्यक्षता में सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं के प्रगति की समीक्षा

ऋण माफी व् केसीसी के लंबित मामलों का जल्द निपटारा करें पदाधिकारी-उपायुक्त

एस. पी. सक्सेना/धनबाद (झारखंड)। धनबाद जिला उपायुक्त वरुण रंजन की अध्यक्षता में एक सितंबर को सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा बैठक की गयी। समीक्षा बैठक उपायुक्त कार्यालय कक्ष में की गई।

बैठक में उपायुक्त द्वारा सावित्रीबाई फुले योजना, केसीसी योजना, सुखाड़ राहत योजना, मुख्यमंत्री पशुधन योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, विद्यालय के छात्र-छात्राओं का जाति प्रमाण पत्र, छात्रवृत्ति योजना समेत कई अन्य योजनाओं की समीक्षा की गई।

इस दौरान उपायुक्त द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी भूतनाथ रजवार को विद्यालयों के छात्राओं का जाति प्रमाण पत्र बनवाने, सावित्रीबाई फुले योजना से छात्रों को लाभान्वित करने, प्री एवं पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति से लाभुकों को आच्छादित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने एक हफ्ते में ऑनलाइन एंट्री कार्य को सुनिश्चित करने का जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देशित किया। साथ ही कार्य में आ रही समस्याओं को संबंधित पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर जल्द से जल्द निष्पादन करने की बात कही।

उपायुक्त ने कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता के अंतर्गत चल रहे महत्वपूर्ण योजनाएं की समीक्षा के क्रम में जिला सहकारिता पदाधिकारी से सुखाड़ राहत योजना के तहत पूर्व के लंबित मामले एवं फसल राहत योजना की जानकारी ली। उन्होंने सभी लाभुकों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने हेतु निर्देशित किया।

साथ ही मुख्यमंत्री पशुधन योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने पशुपालन पदाधिकारी से पूर्व वित्तीय वर्ष के पशुधन वितरण के रिपोर्ट की जानकारी ली। उपायुक्त द्वारा जिला पशुपालन पदाधिकारी को 15 दिनों में शत प्रतिशत लाभुक अंशदान प्राप्त करने को निर्देशित किया।

उन्होंने कहा कि लाभुक का चयन करते समय नियम एवं शर्तों का अच्छे से पालन करें, ताकि सही लाभुकों का चयन हो सके। उन्होंने पूर्व के लंबित पशुधन को जल्द से जल्द वितरण करने एवं इस वर्ष के लाभुकों को योजना की स्वीकृति देने का निर्देश दिया।

ऋण माफी योजना एवं केसीसी योजना की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने लंबित मामलों में आ रही समस्याओं को लेकर अग्रणी बैंक प्रबंधक एवं कृषि पदाधिकारी को समन्वय स्थापित कर जल्द से जल्द निष्पादन हेतु निर्देशित किया। साथ ही ई-केवाईसी में फिंगर मिसमैच, राशन कार्ड अपडेट में आ रही समस्याओं को लेकर संबंधित पदाधिकारी को जल्द से जल्द निष्पादन हेतु निर्देशित किया गया।

समीक्षा बैठक में उपायुक्त, जिला योजना पदाधिकारी महेश भगत, जिला शिक्षा अधीक्षक भूतनाथ रजवार, जिला सहकारिता पदाधिकारी रुमा झा, अग्रणी जिला प्रबंधक राजेश कुमार सिन्हा, पशुपालन पदाधिकारी, सहायक कृषि पदाधिकारी समेत अन्य विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *