Advertisement

समाहरणालय सभागार में एमवीएस/एसवीएस से संबंधित समीक्षा बैठक

अगले एक माह में संबंधित एजेंसी 80 फीसदी कार्यों को करें पूरा-उपायुक्त

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। समाहरणालय स्थित सभागार में 5 जुलाई को बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने जल जीवन मिशन अंतर्गत एमवीएस/एसवीएस योजनाओं से संबंधित समीक्षा बैठक की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसियों को जरूरी दिशा -निर्देश दिया।

जानकारी के अनुसार उपायुक्त झा की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन अंतर्गत एमवीएस/एसवीएस योजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी संबंधित एजेंसियों, संवेदकों एवं पदाधिकारियों को निर्देशित गया किया कि अगले एक माह में संचालित योजनाओं की प्रगति कम से कम 80 फीसदी पूर्ण करना सुनिश्चित करें। इससे पूर्व, उन्होंने क्रमवार जिले के सभी प्रखंडों में संचालित जलापूर्ति योजना की प्रगति कार्यों/हाउस होल्ड कनेक्शन आदि की समीक्षा की तथा संबंधितों को जरूरी निर्देश दिया।

समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने कहा कि एजेंसियों को जन सेवा की भावना से कार्य करते हुए निष्पादन में गहरी दिलचस्पी दिखानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य अनुबंध के पश्चात कोई भी एजेंसी अथवा संवेदक सरकार का हिस्सा बन जाते हैं, ऐसे में वे बाहरी नहीं रह जाते। उन्हें आवश्यक सुरक्षा एवं सहूलियत देना प्रशासन की जिम्मेवारी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना मानवीय दायित्व है। इसमें सभी एजेंसियों/संवेदकों को अपना पूर्ण योगदान देना चाहिए। कहा कि आपकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। जिन योजनाओं का कार्य 75 से 85 फीसदी अथवा उससे ज्यादा पूर्ण हो गया है, राज्य से आवंटन उपलब्ध होने के साथ उनका भुगतान प्रशासन की प्राथमिकता होगी। स्वयं मुख्य सचिव योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा कर रही है। इसी से इसका सहज अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह कितना महत्वपूर्ण है। उन्होंने बोकारो जिले के प्रदर्शन को सबों के सहयोग से बेहतर करने की बात कहीं।

समीक्षा क्रम में उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि वे छोटी-छोटी तकनीकी समस्याओं का समाधान स्वयं अपने स्तर से करें। उन्होंने सप्ताहिक कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने, पखवार स्तर पर उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में समीक्षा करने का निर्देश दिया। समीक्षा क्रम में यह बात सामने आयी कि कुछ जल सहिया जल कर की राशि एकत्र कर विभाग को जमा नहीं कर रहे हैं। उपायुक्त झा ने कहा कि जो जल सहिया, जल कर समय पर जमा नहीं कर रही हैं, उनको नोटिस करें। अगर फिर भी वह राशि जमा नहीं करती हैं, तो उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करते हुए अग्रेतर कार्रवाई का निर्देश दिया।

समीक्षा बैठक में रिट्रोफिटिंग एवं लंबित एसवीएस योजनाओं का हैंडओवर कार्य एक सप्ताह में पूरा करने तथा सहायक एवं कनीय अभियंताओं द्वारा मामले में अद्यतन प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया। जानकारी हो कि, रिट्रोफिटिंग एसवीएस में कुल 69 योजनाओं में से 23 योजनाएं हैंडओवर को लेकर लंबित है। जिसमें चास प्रखंड में दस, चंदनकियारी प्रखंड में सात, जरीडीह प्रखंड में एक एवं चंद्रपुरा प्रखंड में पांच शामिल है।

बैठक में उपायुक्त झा एवं उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों की गुणवत्ता, गति और पारदर्शिता पर लगातार नजर रखें। यह एक जनकल्याणकारी योजना है, जिससे सीधे जनता की ज़िंदगी जुड़ी है। इसलिए, इसमें किसी भी तरह की कोई लापरवाही नहीं हो, इसका ध्यान रखें।

मौके पर कार्यपालक अभियंता चास राम प्रवेश राम, कार्यपालक अभियंता तेनुघाट (बेरमो) चंदन कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत सभी सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, संबंधित कार्यरत एजेंसी/संवेदक आदि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *