अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार के विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के मंत्री सह प्रभारी मंत्री सारण सुमित कुमार सिंह की अध्यक्षता में 5 जून को सारण समाहरणालय सभा कक्ष में संभावित बाढ़ पूर्व तैयारी को लेकर समीक्षा बैठक आहुत की गई।
इस मौके पर सारण के जिलाधिकारी अमन समीर ने मंत्री को बाढ़ पूर्व तैयारियों के बारे में एक – एक कर जानकारी दी। बताया गया कि बाढ़ आपदा की स्थिति में जरूरत पड़ने वाली आवश्यक सामग्रियों का दर एवं आपूर्त्ति कर्त्ता का निर्धारण निविदा के माध्यम से किया गया है, ताकि आवश्यक होने पर इन सामग्रियों की आपूर्त्ति त्वरित गति से हो सके। मंत्री को बाढ़ आपदा की स्थिति के आलोक में उपलब्ध संसाधनों के बारे में बताया गया।
जिले के विभिन्न अंचलों में कुल 257 निजी नावों के मालिकों से किया गया एकरारनामा
समीक्षा बैठक में जिला एवं अंचलों में उपलब्ध पॉलिथीन शीट के संख्या के बारे में जानकारी दी गई। बताया गया कि अभी तक विभिन्न अंचलों में कुल 257 निजी नावों के मालिकों के साथ एकरारनामा किया गया है। बाढ़ आपदा की स्थिति से निपटने के लिये 213 आश्रय स्थल एवं 192 सामुदायिक रसोई स्थल को चिन्हित किया गया है। कहा गया कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक मानव दवा की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा 159 स्टैटिक एवं 41 चालान कुल 200 चिकित्सा दल की प्रतिनिधि के लिए तैयारी की गई है।बताया गया कि विगत वर्ष 2024 में आई बाढ़ में कुल 22259 परिवारों के बीच 15.58 करोड़ रुपए अनुग्रह अनुदान के रूप में भुगतान किया गया था।
वैकल्पिक एवं आकस्मिक फसल योजना को लेकर की गई तैयारी के बारे में मंत्री को जानकारी दी गई। पशु दवा एवं पशु शिविर के संचालन के बारे में बताया गया। 16 बाढ़ प्रवण अंचलों में कुल 32 स्थलों को पशु आश्रय स्थल के रूप में चिन्हित किया गया है। साथ ही निविदा के माध्यम से पशु चारा का दर एवं आपूर्तिकर्ता का निर्धारण कर लिया गया है। सभी सड़कों के वेंट कल्वर्ट की मरम्मती एवं साफ सफाई का कार्य जारी है, जिसे एक सप्ताह के अंदर पूरा करने का स्पष्ट रूप से निर्देश दिया गया।
चापाकलों की मरम्मती के बारे में बताया गया कि इस वर्ष 655 चापाकलों की मरम्मती कर उन्हें चालू किया गया है। आपदा की स्थिति में रियल टाइम मॉनिटरिंग के लिए जिला आपातकालीन संचालन केंद्र 24 घंटे कार्यरत है। इस केंद्र का दूरभाष संख्या 0615 245023 है। प्रभारी मंत्री सिंह ने सभी पदाधिकारी को किसी भी तरह की आपदा की स्थिति में निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के अनुरूप सभी तैयारी ससमय सुनिश्चित करने का स्पष्ट रूप से निर्देश दिया गया।
बैठक में जिलाधिकारी अमन समीर, पुलिस अधीक्षक कुमार आशीष, उप विकास आयुक्त यतेंद्र कुमार पाल, जिला परिषद अध्यक्ष, जिला परिषद उपाध्यक्ष, मेयर छपरा नगर निगम, उप मेयर छपरा नगर निगम, अपर समाहर्त्ता मुकेश कुमार, नगर आयुक्त सुनील कुमार पांडेय सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी, सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी व् अन्य पदाधिकारीगण मौजूद थे।
69 total views, 15 views today