Advertisement

विधानसभा सदाचार समिति सभापति की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक संपन्न

एस. पो. सक्सेना/बोकारो। बोकारो परिसदन स्थित सभागार में 19 जून को झारखंड विधानसभा की सदाचार समिति ने जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति रामचंद्र सिंह ने की। इस अवसर पर समिति के सदस्य चंद्रदेव महतो उपस्थित थे।

बैठक में डीआरडीए निदेशक मेनका, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, जिला योजना पदाधिकारी राजकुमार शर्मा, जिला परिवहन पदाधिकारी वंदना शेजवलकर सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

बैठक में मुख्य रूप से अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति से संबंधित लंबित मामलों की स्थिति, पेंशन से संबंधित प्रकरणों का निष्पादन, जनहितकारी योजनाओं की प्रगति और उनके लाभार्थियों तक पहुंच आदि विषयों पर समीक्षा की गयी। सभापति ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें तथा सभी विभागों द्वारा अद्यतन प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराया जाए।

बैठक के दौरान बोकारो जिला में संचालित प्रमुख विभागीय योजनाओं की गहन समीक्षा की गई। जिसमें पुलिस विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, खाद्य आपूर्ति विभाग, भवन निर्माण एवं पथ निर्माण विभाग, शहरी एवं ग्रामीण विकास विभाग, समाज कल्याण, कल्याण, सहकारिता एवं कृषि विभाग, शिक्षा विभाग, निबंधन विभाग, जिला योजना आदि शामिल रहा। प्रत्येक विभाग द्वारा अपने-अपने योजनाओं की प्रगति, समस्याएँ और समाधानात्मक प्रयासों की जानकारी दी गई।

सभापति सिंह ने कहा कि सदाचार समिति का उद्देश्य जनहित में पारदर्शी, संवेदनशील और समयबद्ध प्रशासनिक कार्यप्रणाली को बढ़ावा देना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जन सामान्य की समस्याओं और कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में गंभीरता और संवेदनशीलता बरती जाए। इससे पूर्व, जिला उपायुक्त अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने झारखंड विधानसभा की सदाचार समिति के सभापति सिंह एवं सदस्य महतो को गुलदस्ता देकर स्वागत किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *