ठाणे के कोरम मॉल में प्रिंसेस बाय बर्थ, हिस्ट्री मेकर बाय चॉइस पुस्तक का लोकार्पण
एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च की संध्या महाराष्ट्र के ठाणे के कोरम मॉल में प्रसिद्ध लेखिका गीतांजलि झा की नई पुस्तक प्रिंसेस बाई बर्थ, हिस्ट्री मेकर बाई चॉइस का भव्य लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर उक्त पुस्तक के महाभारत काल के महिला सशक्तिकरण को लेकर सुझाये गये प्रसंगो को लेकर क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ज्ञात हो कि गीतांजलि झा की यह तीसरी पुस्तक है, जिसे विश्व महिला दिवस के अवसर पर लोकार्पण किया गया है। गीतांजलि कोल इंडिया लिमिटेड की अनुशंगी सेन्ट्रल कोलफीड्स लिमिटेड (सीसीएल) के सेवानिवृत खनन अधिकारी कुंवर कांत झा की पुत्री है। उन्होंने लगातार तीन पुस्तक लिखकर जबरदस्त धमाका कर दी है।
जानकारी के अनुसार साहित्य प्रेमियों और पाठकों की उपस्थिति में आयोजित पुस्तक लोकार्पण कार्यक्रम प्रेरणा और उत्साह से भरपूर रहा। कार्यक्रम की शुरुआत लेखिका के परिचय से की गयी, जिसमें उनके लेखन सफर और उपलब्धियों के बारे में बताया गया। प्रिंसेस बाय बर्थ, हिस्ट्री मेकर बाय चॉइस उनकी तीसरी पुस्तक है। इससे पहले वे एफ फैक्टर और लव अर्रंज्ड जैसी पुस्तकों का लेखन और प्रकाशन कर चुकी है।
पुस्तक प्रिंसेस बाय बर्थ, हिस्ट्री मेकर बाय चॉइस महान भारतीय महाकाव्य महाभारत की उन स्त्रियों से प्रेरित है, जिन्होंने अपने निर्णयों, धैर्य, साहस और शक्ति से इस महागाथा की दिशा तय की। पुस्तक में उन स्त्री पात्रों की कहानियों को सामने लाया गया है, जिनकी आवाज़ अक्सर इतिहास के पन्नों में अनसुनी रह जाती है, लेकिन जिनका प्रभाव अत्यंत गहरा रहा है।
पुस्तक परिचय के बाद कार्यक्रम में महाभारत की स्त्रियों पर आधारित रोचक क्विज़ का आयोजन किया गया। दर्शकों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया। सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक हैम्पर्स और उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस गतिविधि ने कार्यक्रम को और भी जीवंत बना दिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित गणमान्य जनों को लेखिका से मिलने और पुस्तक की ऑटोग्राफ्ड कॉपी प्राप्त करने का भी अवसर मिला, जिसे पाठकों ने बड़े उत्साह से स्वीकार किया। कार्यक्रम का समापन केक काटकर किया गया।
बताया जाता है कि इस विशेष अवसर पर लेखिका गीतांजलि झा का जन्मदिन भी मनाया गया। जिससे कार्यक्रम में हर्ष और उत्सव का माहौल और भी बढ़ गया। मौके पर पुस्तक प्रिंसेस बाय बर्थ, हिस्ट्री मेकर बाय चॉइस की लेखिका गीतांजलि ने बताया कि अब उक्त पुस्तक अमेज़न पर उपलब्ध है। कहा कि यह पुस्तक पाठकों को प्रेरित करती है कि वे साहसी, मजबूत और आत्मविश्वासी बनें और अपनी ज़िंदगी की कहानी स्वयं लिखें. किसी और की कहानी के पात्र बनकर नहीं, बल्कि अपने जीवन के इतिहास निर्माता बनकर।
कार्यक्रम के अंत में लेखिका गीतांजलि ने सभी उपस्थित गणमान्य जनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने दर्शकों की उत्साही भागीदारी के लिए साधुवाद दिया। साथ ही नेक्सस मॉल के मार्केटिंग मैनेजर अभिराम, कोरम मॉल के मार्केटिंग हेड मनोज और मॉल प्रबंधन का कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। लेखिका ने अपनी माता विभा झा, पिता (सेवानिवृत सीसीएल अधिकारी) कुंवर कांत झा, नारायणा ई टेक्नो स्कूल ठाणे के स्कूल शिक्षक राधा झा सहित परिवार जनों, सोच इंडिया पब्लिकेशन हाउस और मीडिया का आभार व्यक्त किया।
![]()













Leave a Reply