संगठन की एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत-योगेंद्र प्रसाद
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में जैनामोड़ स्थित होटल आर्यन इंटरनेशनल में 21 जनवरी को झारखंड मुक्ति मोर्चा बोकारो जिला समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य के मंत्री योगेंद्र प्रसाद विशेष रूप से शामिल हुए।
जानकारी के अनुसार आयोजित बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 4 फरवरी को झारखंड मुक्ति मोर्चा के स्थापना दिवस कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित एवं ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने की रणनीति तय करना रहा। बैठक की शुरुआत दिशोम गुरु, झारखंड आंदोलन के पुरोधा स्व. शिबू सोरेन के चित्र पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की गई। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गुरुजी के संघर्ष, त्याग और विचारों को स्मरण करते हुए उनके सपनों के झारखंड को साकार करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन केवल झामुमो के संस्थापक नहीं, बल्कि पूरे झारखंड की आत्मा हैं। उनका संघर्ष हमें सदैव जनसेवा, सामाजिक न्याय और आदिवासी-मूलवासी अधिकारों की रक्षा के लिए प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कुशल नेतृत्व में झारखंड मुक्ति मोर्चा पूरी मजबूती के साथ जनता के विश्वास पर खरा उतर रहा है।

मंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। पार्टी का हर कार्यकर्ता हमारी रीढ़ है। आपसी मैत्री, अनुशासन और एकजुटता के बल पर ही हम गुरुजी के सपनों का समृद्ध, न्यायपूर्ण और सशक्त झारखंड बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि झामुमो का हर सिपाही आज यह संकल्प ले कि स्थापना दिवस का कार्यक्रम हमारी एकता और संगठनात्मक शक्ति का जीवंत प्रदर्शन बने।
बैठक में चंदनकियारी विधायक उमाकांत रजक सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जिला स्तरीय नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में स्थापना दिवस कार्यक्रम को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
![]()













Leave a Reply