Advertisement

गुवा सेल ठेकेदारों की बैठक में एक्स्ट्रा ड्यूटी भुगतान से इंकार

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में गुवा के योगनगर स्थित शिव मंदिर प्रांगण में 2 नवंबर को गुवा सेल के ठेकेदारों की एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में ठेकेदारों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि बीते अक्टूबर माह का किसी भी मैन पावर कर्मी को एक्स्ट्रा ड्यूटी (अतिरिक्त कार्य) का भुगतान नहीं किया जाएगा।

बैठक में उपस्थित ठेकेदारों ने कहा कि एक्स्ट्रा ड्यूटी का कोई उल्लेख न तो वर्क ऑर्डर में किया गया है और न ही एनआईटी (निविदा शर्तों) में। इसलिए सभी ठेकेदार एनआईटी में वर्णित नियमों एवं शर्तों का पालन करेंगे। ठेकेदारों ने बताया कि इस निर्णय की लिखित सूचना सेल प्रबंधन गुवा के मुख्य महाप्रबंधक, जीएम (एचआर), जीएम (फाइनेंस) तथा गुवा की सभी यूनियनों को पहले ही दे दी गई है।

इस संबंध में ठेकेदारों ने बताया कि सेल प्रबंधन एवं गुवा के ठेकेदारों के साथ 3 नवंबर को बैठक होगी। बैठक में जो भी निर्णय होगा उसके बाद की रणनीति क्षेत्र के ठेकेदार के द्वारा बनाई जाएगी। बैठक में बाबा तिलक वेलफेयर सोसाइटी, एसआर लॉजिस्टिक्स, आर्शीवाद एंटरप्राइजेज, एसके नासिर एंड सन्स, मनमोहन चौबे एंड सन्स, शहदाब इंटरप्राइजेज, एमडी फरीद एंड सन्स, दत्ता एंड कंपनी, जनता बिल्डर, वर्मा एंटरप्राइजेज, उपेंद्र प्रसाद, एलपी ठक्कर एंड सन्स, बीएन सिंह एंड सन्स एवं करो कोयल महिला समिति के ठेकेदार उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *