Advertisement

दो महीने बाद दर्ज कराया गया दुष्कर्म का मामला

पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए बोकारो भेजा
प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट, गोमियां (बोकारो)। बोकारो जिला (Bokaro district) के हद में पेटरवार प्रखंड के चांपी पंचायत में एक 35 वर्षीय युवक द्वारा नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। इस बाबत पीड़िता की मां ने पेटरवार थाना (तेनुघाट ओपी) में आरोपी युवक के खिलाफ आवेदन देते हुए न्याय की गुहार लगाई है।

इस संबंध में तेनुघाट ओपी प्रभारी के के चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि युवक के द्वारा नाबालिग लड़की से दुष्कर्म किये जाने की सूचना मिली है। इस संबंध में पीड़िता की मां के द्वारा दिये गए आवेदन पर मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाई की जा रही है। साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जगह जगह तलाशी भी ली जा रही है। चौधरी के अनुसार पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए बोकारो भेज दिया गया है।

क्या है मामला – जानकारी के अनुसार चांपी पंचायत में बीते 23 अप्रैल को पीड़िता अपने घर के बगल में हो रहे शादी समारोह में गई हुई थी। तभी आरोपी युवक रामबिलास मांझी (35 वर्षीय) नशे की हालत में वहां आकर पीड़िता को बहला फुसलाकर बगल के तालाब के किनारे ले गया, और उसके साथ वहां जबरन दुष्कर्म किया। बताया जाता है कि आरोपी युवक उस समय नशे में धुत था।

पीड़िता वहां से किसी तरह निकलकर अपने घर पहुंची और सारी बातें अपनी मां को बताई। पीड़िता की मां ने जब घटनास्थल पर जाकर देखा तो वहां आरोपी युवक को नशे की हालत में गिरा हुआ पाया। घटना के बाद पीड़िता और उसकी मां काफी डरी सहमी सी रहने लगी थी।

सूत्रों के अनुसार फिर चला गांव में समझौते का दौर। घटना के बाद से ही गांव के लोगों ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने को लेकर कई बार बैठक भी किया, परन्तु समझौता नहीं हो पाया। अंततः 29 जून को पीड़िता की मां ने इस संबंध में तेनुघाट ओपी में आवेदन देते हुए न्याय की गुहार लगाई है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *