होली पर एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर दिया भाईचारे का संदेश
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला मुख्यालय छपरा सहित जिला के हद में सभी प्रखंडों में बीते 4 मार्च को रंगोत्सव होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया। मौके पर उपस्थित आम जनों ने एक दूसरे को अबीर – गुलाल लगाकर भाईचारे का संदेश दिया। दुनिया में अमन -चैन हो इसके लिए प्रार्थना भी की गई।
विदित हो कि रंगोत्सव होली के अवसर पर परंपरानुसार दिन में धुरखेली, रंगोत्सव एवं शाम में अबीर -गुलाल के संग जन समुदाय ने जमकर होली खेली। झाल- करताल एवं ढोलक के संग फगुआ गायन किया गया। मठ – मंदिरों में दर्शन – पूजन के साथ फगुआ गायन भी हुआ।
ध्यान देने योग्य है कि आज से ही चैत्र माह का हिंदी महीना शुरू हो गया। यह महीना मर्यादा पुरषोत्तम भगवान श्रीराम के प्राकट्योत्सव, वासंती नवरात्र एवं वर्ष प्रतिपदा विक्रम नव संवत्सर हिन्दू नव वर्ष आरंभ होने का महीना है। सच कहिए तो यह भगवान श्रीराम को समर्पित माह है जिसका शुभारंभ आज हो चुका है। अनेक स्थानों पर आज फगुआ के साथ चैता का आयोजन भी किया गया।

चैता गायन की खूबी यह है कि प्रत्येक गायन में चैत हो रामा बोल की गूंज सुनाई पड़ती है। चालू विक्रम संवत्सर की बिदाई और नव विक्रमी संवत्सर का आगमन भी इसी माह में है। ब्राह्मण समुदाय का पंचांग पूजन दिवस भी चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन हिंदू नव वर्ष के अवसर पर ही होता है। ब्राह्मण समुदाय इसी दिन नया पंचांग धारण करते हैं।
सोनपुर के सबलपुर बभनटोली की होली की अपनी है विशेषता
सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के पटना से सटे पवित्र गंगा नदी के उत्तरी किनारे अवस्थित सबलपुर दियारे के बभनटोली की होली की अपनी विशेषता रही है। एक ओर जहां होली यानि फगुआ गायन की परंपरा लुप्त होती जा रही है, वहां सोनपुर सहित सबलपुर दियारा में आज भी यह परंपरा जीवंत है। फगुआ गायन के दौरान शांति और एकता बनाए रखना, बड़े -बुजुर्गों की फगुआ गायन टोली में उपस्थिति बनी रहने से यह रंगोत्सव होली अनुशासित रहता आया है।
फगुआ गायन, वाद्य यंत्रों पर इनकी रही है जबरदस्त पकड़
ज्ञात हो कि सबलपुर में ढोलक वादन में सुधांशु शर्मा, मुकेश कुमार शर्मा, शैलेश शर्मा, संजय कुमार शर्मा, मुन्ना शर्मा, दिलीप सिंह सरपंच, राजेश्वर सिंह, वशिष्ठ शर्मा के अलावा झाल वादन में बालदेव शर्मा, जनार्दन शर्मा, अरविंद सिंह, अधिवक्ता, राजू शर्मा, बिजेंद्र शर्मा आदि की एक अलग पहचान रही है।
![]()













Leave a Reply