Advertisement

आगामी 9 जुलाई के हड़ताल की चल रही व्यापक तैयारी-रामचंद्र ठाकुर

विजय कुमार साव/गोमियां (बोकारो)। बोकारो जिला में आगामी 9 जुलाई के हड़ताल की व्यापक स्तर पर तैयारी चल रही है। उक्त बाते माकपा नेता सह सीटू प्रदेश उपाध्यक्ष कॉमरेड रामचंद्र ठाकुर ने 7 जुलाई को कही।

गोमिया प्रखंड के हद में स्वांग स्थित सीटू कार्यालय परिसर में सीटू के प्रदेश उपाध्यक्ष रामचंद्र ठाकुर, जिला सचिव प्रदीप कुमार विश्वास एवं राज्य कमेटी सदस्य राकेश कुमार ने संयुक्त रूप से 7 जुलाई को प्रेस बयान जारी कर कहा कि पूरे बोकारो जिला में आगामी 9 जुलाई के देशव्यापी हड़ताल की व्यापक तैयारी चल रही है। कहा गया कि यह हड़ताल मजदूरों के अस्तित्व की रक्षा के लिए होने जा रहा है। भारत सरकार द्वारा लागु किए जा रहे चार लेबर कोड के खिलाफ यह हड़ताल पूरे हिंदुस्तान के औद्योगिक क्षेत्र में होने जा रहा है।

वक्ताओं ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र के साथ-साथ गांव के किसान भी इस हड़ताल के समर्थन में भारत सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ सड़क पर उतरने जा रहे हैं। इस क्रम में बोकारो जिला के सभी औद्योगिक क्षेत्र में संयुक्त मोर्चा के नेतृत्व में हड़ताल की तैयारी चल रही है। सभी कोयला एवं विद्युत परियोजनाओं में संयुक्त मोर्चा के नेतृत्वकारी साथी हड़ताल को सफल बनाने के लिए लगे हैं।

कहा गया कि चार लेबर कोड के माध्यम से मजदूरों के ऊपर होने वाले हमले के प्रति उन्हें जागरूक कर रहे हैं। भारत सरकार चार लेबर कोड लाकर देश के मजदूरों को देश के बड़े पूंजीपतियों के हाथों गुलाम बनने पर तुली हुई है। श्रम कानून के बगैर औद्योगिक क्षेत्र के मजदूर गुलाम की तरह उद्योगों में काम करेंगे, इसलिए श्रम कानून की रक्षा एवं चार लेबर कोड के खिलाफ हड़ताल का आह्वान किया गया है। बताया गया कि संयुक्त मोर्चा के नेतृत्व में चल रही तैयारी से पता चलता है कि बोकारो जिला के प्रत्येक औद्योगिक क्षेत्र में संपूर्ण हड़ताल संयुक्त मोर्चा के नेतृत्व में होगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *