एस. पी. सक्सेना/बोकारो। सेल के बोकारो इस्पात संयंत्र के कोक-ओवन, ब्लास्ट फर्नेस तथा ट्रैफिक विभाग में प्रस्तावित 5 सितम्बर के हड़ताल को सफल बनाने को लेकर हिन्द मजदूर सभा से संबद्ध क्रान्तिकारी इस्पात मजदूर संघ की विशाल सभा एक सितंबर को कोक ओवन कैंटीन क्रमांक एक में आयोजित किया गया। सभा में बीएसएल प्रबंधन के खिलाफ मजदूरो का आक्रोश चरम पर देखा गया।
सभा की अध्यक्षता कर रहे संघ के महामन्त्री सह-सदस्य एनजेसीएस राजेंद्र सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि सेल और बोकारो प्रबंधन निरंकुशता की सारी हदों को पार कर चुका है। निम्न से शीर्ष स्तर तक भ्रष्टाचार में डूबे अधिकारी तानाशाह बन चुके हैं। अपने हक और अधिकार के लिये मजदूर आगामी 5 सितंबर को हड़ताल की घोषणा कर अपना पक्ष तय कर चुके हैं। अब गेंद प्रबंधन के पाले में है या तो मजदूरों को उनका अधिकार दें या राष्ट्र के गौरव का प्रतीक बोकारो स्टील प्लांट को हड़ताल में झोंक दें।
उन्होंने कहा कि प्रबंधन की टालमटोल और वादाखिलाफी से मजदूरो का आक्रोश चरम पर पहुँच गया है। कहा कि बीएसएल प्रबंधन लगातार लगभग एक वर्ष से मजदूरो को गुमराह करती रही है, कि हम जल्द हीं ईएसआईसी की सीमा से बाहर हो चुके स्किल्ड मजदूरो के परिवार सहित ईलाज की वैकल्पिक व्यवस्था करेंगें। मगर आज भी वही ढाक के तीन पात। ईलाज और संसाधन के अभाव में मजदूर मर रहें हैं।

मजदूरो की पीड़ा और चित्कार प्रबंधन के लिये मनोरंजन का साधन बन चुका है। ना कोई प्रमोशन पाॅलिसी, ना नाइट शिफ्ट एलाउंस, शिक्षा के हब में ठेका मजदूर के बच्चो की शिक्षा भगवान भरोसे। कहा कि भारत सरकार का उपक्रम होने के बावजूद ग्रेच्युटी पर सरकार के कानून की धज्जियाँ उड़ाई जा रही है। मतलब यह कि यहां के मजदूर सिर्फ उत्पादन का विषय रह गया है। उनके समाजिक और आर्थिक सुरक्षा और सम्पन्नता से ना तो बोकारो प्रबंधन का कोई सरोकार है, ना हीं सेल प्रबंधन पर इन बातो से कोई फर्क पड़ता है।
सिंह ने तल्ख़ लहजे में कहा कि अब बहुत हुआ। न्याय, हक और अधिकार के संघर्ष में मजदूर आर-पार की लड़ाई का मन बना चुके हैं। कहा कि अगर 3 सितंबर को सहायक श्रमायुक्त की बैठक में मजदूरो की मांगो पर ठोस निर्णय नहीं हुआ तो आगामी 5 सितंबर प्रातः 6 बजे से कोक-ओवन, ब्लास्ट फर्नेस तथा ट्रैफिक विभाग में एक साथ मजदूर काम बंद कर पूर्ण हड़ताल पर रहेंगे।
सभा को महामंत्री सिंह के अलावे सुभाषचंद्र कुम्भकार, शशिभूषण, चंद्र प्रकाश, जुम्मन खान, दुर्गेश कुमार, सुरज कुमार, नागेंद्र कुमार, अभय शर्मा, हरेराम, सुमन पासवान, अमित यादव, उज्जवल कुमार, चुन्नु मिश्रा, अक्षय कुमार, राजेश महतो आदि ने संबोधित किया।
![]()













Leave a Reply