Advertisement

सोनपुर स्टेशन पर स्टॉल आवंटन से रेलवे को मिलेगा ₹1.96 करोड़ का राजस्व

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर रेल मंडल के सोनपुर स्टेशन पर सर्कुलेटिंग एरिया एवं एप्रोच रोड में स्थित स्टॉलों के आवंटन के लिए की गई खुली निविदा प्रक्रिया को उल्लेखनीय सफलता मिली है।

जानकारी के अनुसार बीते माह 26 जून को आयोजित स्टॉल नीलामी में 532 स्टॉलों के विरुद्ध 166 स्टॉलों का सफलतापूर्वक आवंटन किया गया। इसके पश्चात, बीते 14 जुलाई को आयोजित विशेष ई-नीलामी में 80 अतिरिक्त एनएफआर स्टॉलों का भी सफलतापूर्वक आवंटन किया गया।

इस प्रकार अब तक कुल 246 स्टॉलों का आवंटन पारदर्शी एवं प्रतिस्पर्धात्मक प्रक्रिया के तहत किया जा चुका है, जिससे रेलवे को अगले तीन वर्षों में कुल ₹1,96,23,537 (एक करोड़ छियानबे लाख तेईस हजार पांच सौ सैंतीस रुपये) का रेल राजस्व प्राप्त होगा। यह उपलब्धि न केवल रेलवे की वाणिज्यिक आय को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि इससे सोनपुर स्टेशन परिसर में व्यवस्थित व्यापारिक वातावरण विकसित होगा। इसके माध्यम से स्थानीय उद्यमियों एवं स्वरोजगार चाहने वालों को भी नए अवसर प्राप्त हो रहे हैं, जिससे आत्मनिर्भर भारत अभियान को भी बल मिल रहा है।

बताया जा रहा है कि रेल प्रशासन द्वारा शेष स्टॉलों के शीघ्र आवंटन की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है, जिससे स्टेशन परिसर को और अधिक सुसज्जित एवं यात्री सुविधा सम्पन्न बनाया जा सके। ज्ञात हो कि सोनपुर मंडल रेलवे की राजस्व सृजन क्षमता, पारदर्शिता एवं सार्वजनिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *