Advertisement

सोनपुर रेल मंडल में वित्तीय वर्ष में अब तक ₹ 40,09,37,222 रेल राजस्व प्राप्ति

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल द्वारा चालू वित्तीय वर्ष 2025 -26 की अब तक की अवधि में कुल 5,96,283 बेटिकट यात्रियों से ₹ 40,09,37,222 का रेल राजस्व अर्जित किया गया है। यह यात्रियों में टिकट लेकर यात्रा करने की बढ़ती जागरूकता, मंडल की सतत मॉनिटिरिंग तथा टिकट जांच टीमों की प्रभावी कार्यशैली का परिणाम है।

विदित हो कि बीते 22 दिसंबर को सोनपुर रेल मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा व्यापक पैमाने पर मेगा टिकट चेकिंग ड्राइव चलाया गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रौशन कुमार के निर्देशन एवं मंडल वाणिज्य टीमों की समन्वित कार्रवाई के परिणामस्वरूप इस अभियान ने अत्यंत सकारात्मक उपलब्धियां दर्ज की। इस विशेष जांच अभियान के दौरान विभिन्न स्टेशनों एवं ट्रेनों में टिकट जांच टीमों ने कुल 4285 मामलों में बिना टिकट एवं अनियमित टिकट से यात्रा कर रहे यात्रियों को पकड़ा। इनसे ₹30,16,950/- की राजस्व वसूली की गई, जो मंडल के राजस्व संरक्षण के प्रयासों को और मजबूत करती है।

दिसंबर माह में अब तक रिकॉर्ड तोड़ उपलब्धि

जानकारी के अनुसार सोनपुर रेल मंडल में दिसंबर माह के दौरान निरंतर सघन टिकट जांच अभियान जारी है। अब तक दिसंबर महीने में कुल 53,345 बेटिकट एवं अवैध रूप से यात्रा कर रहे यात्रियों से इस महीने में ₹3,54,42,206/- का महत्वपूर्ण राजस्व वसूल किया गया है। रेल महकमा द्वारा कहा गया कि सोनपुर रेल मंडल द्वारा टिकट जांच अभियान केवल राजस्व संरक्षण ही नहीं, बल्कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षित यात्रा एवं सुव्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कहा गया कि रेल मंडल में ऐसे विशेष अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि अवैध यात्रा पर प्रभावी रोक लग सके और अधिक से अधिक यात्री समुचित टिकट लेकर यात्रा करने के लिए प्रेरित हों। सोनपुर मंडल भारतीय रेल के राजस्व एवं सेवा गुणवत्ता में सतत सुधार के लिए प्रतिबद्ध है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *