Advertisement

कसमार में छापामारी, सिंगपुर से अवैध शराब बरामद; पिरगुल में नहीं मिली गतिविधि

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड में अवैध शराब के खिलाफ जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है।

जानकारी के अनुसार प्रदेश मुख्यालय रांची के अधीक्षक उत्पाद ईआइबी के नेतृत्व में जिला के हद में कसमार थाना क्षेत्र के बहादुरपुर स्थित कम्पोजिट शराब दुकान, कसमार रोड कसमार और खैराचात्तर में औचक निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद संबंधित दुकानों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इधर, अधीक्षक उत्पाद ईआइबी रांची के पर्यवेक्षण में जिला उत्पाद विभाग ने कसमार प्रखंड के हद में पिरगुल और सिंहपुर में शिकायतों के आधार पर छापामारी अभियान चलाया। बताया जाता है कि पिरगुल में जांच के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध शराब नहीं मिली। वहीं सिंहपुर में एक किराना दुकान और उससे सटे घर की तलाशी में विभिन्न ब्रांड की अवैध शराब बरामद की गयी। इनमें स्टर्लिंग B7, मैकडॉवेल No.1, रॉयल स्टैग सहित कुल दो दर्जन से अधिक बोतल और एक बीयर कैन शामिल है।

बरामद विदेशी शराब पर लगे होलोग्राम प्रथम दृष्ट्या नकली प्रतीत हो रहे हैं, जिसके लिए विभाग ने विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। कार्रवाई के दौरान किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। जिला उत्पाद विभाग को आरोपी के खिलाफ अभियोग दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *