Advertisement

दिवंगत जगरनाथ महतो पक्ष, विपक्ष के बीच काफी लोकप्रिय थे-रघुवर दास

एन. के. सिंह/फुसरो (बोकारो)। झारखंड के दिवंगत शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के भंडारीदह व् आलारगो के सीमरा कुल्ही स्थित आवास में 10 अप्रैल को सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास पहुँचे। इस अवसर पर उनके साथ गिरिडीह के पूर्व सांसद रविंद्र कुमार पांडेय सहित दर्जनों भाजपा नेतागण शामिल थे।

पूर्व मुख्यमंत्री दास आलारगो में शिक्षा मंत्री के आवास पहुँचकर दिवंगत मंत्री पुत्र अखिलेश महतो से मिले और सांत्वना दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्व. जगरनाथ महतो झारखंड के एक जनप्रिय नेता थे। वे सच में गरीब गुरबों की आवाज थे।

विनम्र और मृदुभाषी राज्य के शिक्षा मंत्री टाइगर के नाम से विख्यात जगरनाथ दा के जाने से झारखंड के राजनीतिक क्षेत्र में जो स्थान रिक्त हुआ है, उसे भरना संभव नहीं होगा। दास ने कहा कि अपने बात व्यवहार से वे पक्ष-विपक्ष के नेताओं के बीच काफी लोकप्रिय थे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और अपने श्रीचरणों में स्थान दें।

इस अवसर पर पूर्व सांसद रविंद्र कुमार पांडेय सहित बोकारो जिला महिला प्रकोष्ठ भाजपा जिलाध्यक्ष गिरजा देवी, वार्ड पार्षद अर्चना सिंह, भाजपा नेता टुनटुन तिवारी, भाई प्रमोद सिंह, अशोक सिंह, रवींद्र मिश्रा, दिनेश सिंह आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *