Advertisement

एसएफसी गोदामों में मानक के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण चावल का हो भंडारण-डीएम

डीएम की अध्यक्षता में आपूर्त्ति टास्क फोर्स की बैठक

प्रहरी संवाददाता/सारण (बिहार)। सारण के जिलाधिकारी (डीएम) अमन समीर की अध्यक्षता में बीते 16 अगस्त को जिला मुख्यालय छपरा स्थित वीडियो कान्फ्रेंस रूम में आपूर्त्ति टास्क फोर्स की बैठक का आयोजन किया गया।

आयोजित आपूर्त्ति टास्क फोर्स की संपन्न बैठक में डीएम द्वारा टीपीडीएस के सभी 17 गोदामों में चावल की गुणवत्ता निर्धारित मानक के अनुरूप सुनिश्चित करने का स्पष्ट निर्देश दिया गया। डीएम ने स्पष्ट कहा कि जिस गोदाम से खराब गुणवत्ता के चावल की शिकायत आयेगी, संबंधित गोदाम के एजीएम के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी।

बैठक में सबसे पहले डीलर संघ के प्रतिनिधियों से फीडबैक लिया गया। उनके द्वारा कुछ जगहों पर चावल की गुणवत्ता सही नहीं होने, फरवरी माह के मार्जिन मनी का भुगतान नहीं होने आदि मुद्दों की जानकारी दी गई।

डीएम ने जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम को एक महीने के अंदर सभी गोदामों की जांच कर, जहां भी खराब गुणवत्ता का चावल मिले उसे नियमानुसार गोदाम से हटाने का निर्देश दिया। उन्होंने जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं एमओ की टीम बनाकर सभी गोदामों की जांच कर भंडारित चावल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

पीडीएस डीलरों को फरवरी माह के मार्जिन मनी का भुगतान नहीं होने के संदर्भ में जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम ने बताया कि तकनीकी कारणों से सिर्फ फरवरी माह के मार्जिन मनी का भुगतान नहीं हो सका है। उसके बाद के महीनों के मार्जिन मनी का भुगतान नियमित रूप से किया जा रहा है। डीएम ने विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर भुगतान सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।

बैठक में सभी टीपीडीएस गोदामों पर एजेंसी द्वारा प्रतिनियुक्त कंप्यूटर ऑपरेटर को एक जगह से दूसरे जगह बदलने के लिए एजेंसी को निर्देश देने का निर्णय लिया गया। कहा गया कि राज्य खाद्य निगम के पास उसना चावल की आपूर्ति सीमित मात्रा में होती है। कहा गया कि जन वितरण प्रणाली के तहत उसना चावल की मांग अधिक होती है।

जिलाधिकारी ने कहा कि उसना चावल की आपूर्त्ति पंचायतवार निर्धारित रोस्टर के अनुरूप सुनिश्चित की जायेगी। निर्धारित रोस्टर के अनुरूप संबंधित पंचायत के सभी डीलरों को एक साथ उसना चावल दिया जायेगा। जब रोस्टर के आधार पर उक्त पंचायत की पुनः बारी आयेगी तब उस पंचायत के सभी डीलरों को उसना चावल दिया जायेगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *