अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के जिलाधिकारी (डीएम) अमन समीर ने 24 जनवरी को कहा कि जिला में संचालित सभी लोक सेवा केंद्र (आरटीपीएस काउंटर) एवं लोक शिकायत निवारण केंद्र को सुगम एवं व्यवस्थित स्वरूप देकर एक साकारात्मक वातावरण बनाया जा सकता है। इसके लिये सभी संबंधित पदाधिकारी व्यक्तिगत पहल कर कार्रवाई करें। इस कार्य के लिए आरटीपीएस के लिये उपलब्ध कराई गई राशि का उपयोग करें।
डीएम समीर सारण जिला मुख्यालय छपरा समाहरणालय सभागार में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों के साथ आहुत बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इसके लिये कुछ महत्वपूर्ण दिशा निर्देश भी दिया। उन्होंने लोक सेवा केंद्र को कार्यालय के अग्र भाग में संचालित करने, उचित संकेत चिन्हों का प्रदर्शन सुनिश्चित करने को कहा।
काउंटर के पास अधिसूचित सेवाओं की प्रदायगी की समय सीमा, नाम निर्दिष्ट लोकसेवक, अपीलीय/पुनर्विलोकन प्राधिकार का विवरण भी प्रदर्शित करने को कहा गया। इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले के माध्यम से आवेदन के साथ जमा किये जाने वाले कागज़ातों की सूची की भी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया।
आवेदकों के लिये निर्धारित प्रतीक्षा कक्ष में पेयजल, शौचालय, पर्याप्त रोशनी, पंखा आदि की व्यवस्था सुनिश्चित रखने को कहा गया। कहा गया कि सभी कर्मी अपना पहचान पत्र धारित कर कार्य करें तथा टेबल पर भी उनका नाम प्रदर्शित हो। लोक शिकायत निवारण केंद्र पर भी उपयुक्त साइनेज प्रदर्शित होना चाहिये। परिवाद एवं अपील के लिए विहित प्रपत्र की काउंटर पर निःशुल्क उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। परिवाद लिखने की भी व्यवस्था रखने को कहा गया।
प्रतीक्षा कक्ष में तमाम सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। दिए गये दिशा निर्देश के अनुरूप जहां भी जो-जो कमियां हैं उन्हें प्राथमिकता से दुरुस्त कराने को कहा गया। बैठक में विभिन्न जिला स्तरीय पदाधिकारी तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी आदि जुड़े थे।
![]()













Leave a Reply