रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। केंद्रीय इस्पात एवं भारी उद्योग राज्य मंत्री भूपतिराजू श्रीनिवास वर्मा विशेष विमान से 29 दिसंबर को बोकारो पहुंचे। उन्होंने बोकारो के सेक्टर चार स्थित मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम में आयोजित प्रांतीय स्तरीय जनजातीय खेलकूद प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। स्टेडियम पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और खेल आयोजकों ने मंत्री का जोरदार स्वागत किया।
आयोजित जनजातीय खेलकूद प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आए जनजातीय खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। मंत्री वर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि वनवासी कल्याण केंद्र द्वारा जनजातीय क्षेत्रों के खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए इस तरह के आयोजन सराहनीय हैं। उन्होंने बोकारो स्टील प्लांट के विकास पर कहा कि 20 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है, जिससे उत्पादन क्षमता 4.6 मिलियन टन से बढ़ाकर 6.5 मिलियन टन की जाएगी। स्टील सिटी में अतिक्रमण के मुद्दे पर उन्होंने जल्द बैठक कर उचित निर्णय लेने की बात कही।

इस अवसर पर धनबाद सांसद ढूलु महतो ने कहा कि आदिवासी छात्रों को खेल के माध्यम से आगे बढ़ाने का यह प्रयास प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आदिवासी बच्चों को खेल में आगे लाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। मौके पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कुमार अमित, पुर्व जिलाध्यक्ष रोहित लाल सिंह, पर्यावरणवीद मुकुल ओझा, अनिल सिंह सहित कई गणमान्य उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply