Advertisement

गरीबों पर अत्याचार के खिलाफ भाकपा माले द्वारा धरना-प्रदर्शन

सरकारी जमीन पर बने पक्का मकान-दुकान हटाने की हिम्मत दिखाए प्रशासन-सुरेंद्र

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। गरीबों को उजाड़ने से पहले फूटपाथी दुकानदार, झुग्गी-झोपड़ी वासियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने, बाजार क्षेत्र के सभी सड़कों की मापी कराकर पक्का निर्माण हटाने, टेंपू एवं टोटो स्टैंड बनाने, मोतीपुर बाईपास समेत नप क्षेत्र के सभी जर्जर सड़कों एवं नालों का निर्माण करने, सरकारी जमीन पर बसे को पर्चा एवं भूमिहीनों को वास भूमि एवं आवास देने, नि: शुल्क होल्डिंग रजिस्ट्रेशन करने, खेती की जमीन को टैक्स फ्री करने आदि मांगों को लेकर 10 दिसंबर को भाकपा माले द्वारा समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर में धरना प्रदर्शन किया गया।

माले के झंडे, बैनर एवं मांगों से संबंधित नारे लिखे तख्तियां तले भाकपा माले के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद कार्यालय ताजपुर पर जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान माले कार्यकर्ता जोर-जोर से मांगों से संबंधित नारे लगा रहे थे। प्रदर्शन के बाद सभी कार्यकर्ता धरना पर बैठ गये। मौके पर प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में सभा का आयोजन किया गया। जिसमें आसिफ होदा, ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, प्रभात रंजन गुप्ता, मो. एजाज, संजीव राय, शंकर सिंह, राजदेव प्रसाद सिंह, मो. कादीर, राॅकी खान, चांद बाबू, दिनेश प्रसाद सिंह, मुंशीलाल राय, सुखिया खातून, खुशबू खातून, चांद बीबी, शमीमा खातून, रुखसाना खातून, कांग्रेस के सुहैल सिद्धकी, भाकपा के रामबृक्ष राय आदि ने सभा को संबोधित किया।

सभा को संबोधित करते हुए अपने अध्यक्षीय संबोधन में भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने नगर प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण तरीके से अतिक्रमण हटाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि फूटपाथी दुकानदार, झुग्गी-झोपड़ी वासियों को उजाड़ दिया जाता है लेकिन सड़क की जमीन पर बने पक्का मकान, दुकान आदि नहीं हटाती है। अतिक्रमण हटाने के दौरान गरीबों से पुलिस-प्रशासन अमानवीय तरीके से पेश आती है, जबकी रसुखदार एवं दबंग को सरेआम पुलिस-प्रशासन का संरक्षण प्राप्त रहता है।

प्रखंड कमिटी सदस्य सह इनौस के समस्तीपुर जिलाध्यक्ष आसिफ होदा ने कहा कि यदि पक्का निर्माण को बुलडोज नहीं किया जाता है तो आंदोलन तेज किया जाएगा। व्यवसायी संघ के राज्य कमिटी सदस्य प्रभात रंजन गुप्ता ने फूटपाथ जोन घोषित करने, जगह चिंहित कर उजाड़ने से पहले फूटपाथी दुकानदार, झुग्गी-झोपड़ी वासियों को पुनर्वास कराने की गारंटी करने की मांग की।

इस अवसर पर भाकपा माले के 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में मजिस्ट्रेट नगर प्रबंधक चंदन कुमार भारती के साथ उक्त मांगों से संबंधित 7 सूत्री मांग पत्र कार्यपालक पदाधिकारी जुल्फेकार अली प्यामी को सौंपकर विंदूवार वार्ता कर मांगों पर यथाशीघ्र कारवाई करने अन्यथा आंदोलन तेज करने की घोषणा की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *