प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के राजकीय नेहरू स्मारक उच्च विद्यालय स्वांग में 22 दिसंबर को एनएसएस ईकाई केबी कॉलेज बेरमो द्वारा पोक्सो एवं पीसीपीएनडीटी एक्ट को लेकर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कॉलेज के प्राचार्य लक्ष्मी नारायण के निर्देश एवं कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ प्रभाकर कुमार के नेतृत्व में विद्यालय परिसर में पोक्सो कानून 2012 एवं पीसीपीएनडीटी कानून 1994 को लेकर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।कार्यक्रम पदाधिकारी ने कहा कि नाबालिग बच्चों की सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है, जहां सरकार, परिवार, समुदाय व संगठन मिलकर काम करते हैं। ताकि बच्चों को हिंसा, शोषण, उपेक्षा से बचाया जा सके। उन्हें सुरक्षित वातावरण मिले और उनके अधिकारों का हनन न हो पाए।

उन्होंने कहा कि पोक्सो कानून का शत प्रतिशत लाभ तभी मिल पायेगा, जब बच्चे व उनके अभिभावक चुप्पी तोड़कर संबंधित हितधारकों तक आवाज उठाएंगे। उन्होंने कहा कि भ्रूण हत्या मुक्त समाज वह है जहां बेटियों को बेटो के बराबर महत्व दिया जाये। लिंग चयनात्मक गर्भपात और भूर्ण हत्या को रोकने के लिए सख्त कानून पीसीपीएनडीटी एक्ट 1994 बनाया गया है। कहा कि खतरे या संकट में फंसे किसी भी नाबालिग के लिए तुरंत 1098 पर या स्थानीय पुलिस को सूचना दें।
इस अवसर पर एनएसएस के स्वयं सेवक पोस्टर के माध्यम से संदेश देने का कार्य किया, जिनमें तनीषा प्रवीण, सुमीत कुमार सिंह, पीयूष कुमार मंडल आदि शामिल थे। जागरुकता कार्यशाला में कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ प्रभाकर, प्रधानाध्यापक (प्रभार) नीलाब प्रसाद, शिक्षकगण यथा श्वेता कुमारी, शोभा साहनी, आकांक्षा कुमारी आदि उपस्थित रहे।
![]()













Leave a Reply