प्रहरी संवाददाता/सारण (बिहार)। सारण जिला के निकटवर्ती वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर के स्टेशन रोड अनवरपुर चौक स्थित सिटी मोबाइल दुकान में बीते 25 फरवरी की रात्रि भीषण आग लग गयी। आग लगने की घटना में पूरा दुकान जल गया। करीब एक घंटे के बाद आग पर दमकल ने काबू पाया।
इस सम्बन्ध में हाजीपुर के महाराणा प्रताप कॉलोनी, स्टेशन रोड रहिवासी दुकानदार अमितेन्द्र कुमार ने हाजीपुर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
दर्ज प्राथमिकी में बताया गया है कि बीते 25 फरवरी को रोज की तरह रात्रि 8:30 बजे अपनी दुकान को बंद कर वह घर चला गया था। रात्रि में करीब 10 बजे स्थानीय दुकानदारों द्वारा उसे सूचना मिली कि दुकान में आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही वह दुकान पर पहुंचा। आस-पड़ोस के रहिवासियों ने तब -तक दमकल विभाग को आग लगने की सूचना दे दी थी।
किसी तरह दुकान को खोला गया तो पाया कि दुकान का सारा सामान धू-धू कर जल रहा है। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने आग पर काबू पाने का कार्य शुरू कर दिया। करीब 1 घंटे के बाद आग पर काबू पाया गया। उससे पहले बिजली विभाग के कर्मचारी द्वारा दुकान का कनेक्शन पोल से काट दिया गया था। दुकानदार अमितेन्द्र का कहना है कि इस घटना में दुकान में उपलब्ध करीब 30 से 35 लाख का सामान जल कर खाक हो गया है। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।
![]()













Leave a Reply