Advertisement

विश्व एड्स दिवस पर केन्द्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में कार्यक्रम

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में केन्द्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में एक दिसंबर को विश्व एड्स दिवस सारगर्भित एवं जागरूकतापूर्ण ढंग से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

विश्व एड्स दिवस पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य डॉ बी आर डे ने की। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि एड्स जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूकता ही इससे बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने बच्चों से सुरक्षित व्यवहार अपनाने, अफवाहों से दूर रहने और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान विज्ञान शिक्षिका सोनिया कर्ण ने छात्रों को एचआईवी/एड्स के कारण, लक्षण, बचाव एवं उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी सरल भाषा में समझायी। उन्होंने बताया कि जागरूकता, संवेदनशीलता और वैज्ञानिक जानकारी ही इस बीमारी से लड़ने का सबसे बड़ा हथियार है। कार्यक्रम का संचालन मोहम्मद इमरान ने सुचारू रूप से किया। कार्यक्रम के अंत में आयोजित प्रतिज्ञा का वाचन शिक्षिका विभा रानी श्रीवास्तव द्वारा कराया गया, जिसमें छात्रों ने एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने एवं भेदभाव न करने की शपथ ली।

कार्यक्रम में विभिन्न गतिविधियाँ भी आयोजित की गई, जिनमें पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का निर्देशन शशि भूषण पटेल ने किया। काव्य पाठ कक्षा 5 की छात्रा जानवी कुमारी ने प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित सभी जनों ने सराहा। कार्यक्रम में प्रभात कुमार, राकेश पाठक सहित विद्यालय के समस्त शिक्षको की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ डे ने सभी के सहयोग के लिए साधुवाद दिया और छात्रों को समाज तक जागरूकता पहुँचाने के लिए प्रेरित किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *