Advertisement

हिन्दू नववर्ष एवं डॉ हेडगेवार जयंती पर कस्तूरबाश्री विद्या निकेतन में शोभायात्रा

एन. के. सिंह/फुसरो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कस्तूरबाश्री विद्या निकेतन ढोरी में 19 मार्च को भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया।

जानकारी के अनुसार चैत्र शुक्ल प्रतिपदा विक्रम संवत 2083 हिंदू नव वर्ष एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ केशव बलिराम हेडगेवार की जयंती पर विद्यालय की बहनों एवं विद्यालय परिवार द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई तथा डॉ हेडगेवार की जयंती धूमधाम से मनाई गई।

शोभा यात्रा से पूरा फुसरो शहर हिंदू नववर्ष के उत्साह में रंगा नजर आया। शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। शोभा यात्रा निकालकर विद्यालय के प्रधानाचार्या रूमी सरकार ने समस्त फुसरो वासियों को नववर्ष की शुभकामना दी तथा सबके विकास और निरोग रहने की कामना की।

उल्लेखनीय है कि भारतीय कैलेंडर के अनुसार नववर्ष का आगाज एक जनवरी से नहीं बल्कि चैत्र मास की शुक्ल प्रतिपदा से नव संवत्सर आरंभ होता है, जो अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार अक्सर मार्च-अप्रैल माह में आता है। ज्योतिष गणना के अनुसार, हिन्दू नव वर्ष का पहला दिन जिस भी दिवस पर पड़ता है, पूरा साल उस ग्रह का स्वामित्य माना जाता है।
बताया जाता है कि नगर भ्रमण सह प्रभात फेरी में 300 से अधिक छात्रा और विद्यालय परिवार शामिल हुए। घोष दल के साथ सभी छात्राओं ने हिंदू नववर्ष मंगलमय हो, विक्रम संवत अमर रहे, भारत माता की जय, वंदे मातरम् का जयकारा लगाते हुए शोभायात्रा विद्यालय परिसर से आरंभ होकर फुसरो बाजार तथा नगर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए विद्यालय पहुंची।

मौके पर मुख्य बाजार में जगह-जगह समाजसेवियो द्वारा शरबत एवं जलपान की व्यवस्था थी। मारवाड़ी युवा मंच बेरमो शाखा के राजेंद्र अग्रवाल, श्रवण अग्रवाल एवं उनके साथियों द्वारा बहनों को जूस और शीतल जल वितरित किया गया। शंकर पुस्तक भंडार के प्रोप्राइटर पियूष बरनवाल द्वारा बहनों को चॉकलेट वितरित किया गया। पुरानी वीडियो ऑफिस मे पप्पू बरनवाल एवं उनके साथियों द्वारा बहनों को आइसक्रीम वितरित किया गया।

प्रभात फेरी के बाद विद्यालय में वंदना सभा का आयोजन किया गया। वंदना के पश्चात डॉ केशव बलिराम हेडगेवार की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाचार्य रूमी सरकार एवं सचिव धीरज कुमार पांडेय द्वारा डॉ हेडगेवार की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलन से किया गया। हेडगेवार जयंती पर बहनों ने उनके विषय में कई महत्वपूर्ण बातें बताई तथा नव वर्ष के संदर्भ में कई प्रसंग को रखा। आचार्या निशा प्रिया ने हिंदू नव वर्ष के संदर्भ पर प्रकाश डाला।

विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं सचिव ने सारगर्भित शब्दों में हिंदू नव वर्ष एवं भारतीय संस्कृति पर अपना आशीर्वचन भैया बहनों को दिया। धन्यवाद ज्ञापन आचार्य प्रदीप कुमार महतो द्वारा किया गया। नव वर्ष कार्यक्रम का मंच संचालन कक्षा अष्टम की बहन वीणा ने किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से विद्यालय प्रबंध कारिणी समिति के सचिव धीरज कुमार पांडेय, प्रधानाचार्या रूमी सरकार सहित सभी आचार्य, आचार्या एवं कर्मचारी बंधु उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *