एस. पी. सक्सेना/बोकारो। सेल बोकारो के निदेशक प्रभारी का पदभार प्रिय रंजन ने 24 दिसंबर को ग्रहण कर लिया है। इससे पूर्व वे बोकारो स्टील प्लांट में अधिशासी निदेशक (संकार्य) के पद पर कार्यरत थे।
जानकारी के अनुसार लोक उद्यम चयन बोर्ड ने बीते 22 अगस्त को इस पद के लिए प्रिय रंजन के नाम की अनुशंसा की थी। पदभार ग्रहण करने से पूर्व वे बोकारो स्टील प्लांट में अधिशासी निदेशक (संकार्य) के रूप में कार्यरत थे। एक अनुभवी टेक्नोक्रेट एवं दक्ष प्रशासक के रूप में, उन्हें सेल में तीन दशकों से अधिक के अनुभव के साथ तकनीकी विशेषज्ञता और प्रबंधकीय दक्षता का उत्कृष्ट संयोजन हैं।
बी.टेक (मेटलर्जी) एवं प्रबंधन में पीजी डिप्लोमा धारक प्रिय रंजन ने अपने करियर की शुरुआत 24 सितंबर 1994 को ईस्को स्टील प्लांट के स्टील मेल्टिंग शॉप में प्रबंधक प्रशिक्षु (तकनीकी) के रूप में की थी। लगभग तेईस वर्षों तक ईस्को में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करने के पश्चात, अक्टूबर 2017 में उनका स्थानांतरण सेल के कॉर्पोरेट कार्यालय नई दिल्ली हुआ, जहाँ उन्होंने चेयरमैन सचिवालय में योगदान दिया। 15 नवंबर 2024 को अधिशासी निदेशक के पद पर पदोन्नति के साथ उन्हें अधिशासी निदेशक (ऑपरेशन) का दायित्व सौंपा गया।
लोक उद्यम चयन बोर्ड द्वारा अनुशंसा के पश्चात 26 अगस्त को उनका स्थानांतरण बोकारो स्टील प्लांट में अधिशासी निदेशक (संकार्य) के रूप में किया गया। अब 24 दिसंबर को निदेशक प्रभारी का पदभार ग्रहण करने के साथ ही वे बीएसएल के संचालन, विकास एवं रणनीतिक दिशा का नेतृत्व करेंगे।
ईडी (प्रभार) प्रिय रंजन न केवल एक उत्कृष्ट टेक्नोक्रेट हैं, बल्कि एक दूरदर्शी एवं प्रभावी प्रशासक भी हैं। उनके नेतृत्व में बोकारो स्टील प्लांट आने वाले वर्षों में नई ऊँचाइयों को छूने के लिए तत्पर है।
![]()













Leave a Reply