एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल कथारा के प्रांगण में 26 सितंबर को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में डीएवी राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता 2024 में स्वर्ण पदक पाने वाले विद्यालय के छात्रों को सम्मानित किया गया।
जानकारी देते हुए डीएवी कथारा के शिक्षक बी. के. दसौंधी तथा रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि सम्मान समारोह में विद्यालय के प्राचार्य सह क्लस्टर-V के प्रभारी डॉ जी. एन. खान ने डीएवी प्रबंधन समिति नई दिल्ली द्वारा प्रदत्त ₹5100 की छात्रवृत्ति चेक के रूप में प्रदान की। बताया कि विद्यालय के 12 छात्रों ने इस छात्रवृत्ति को पाने का गौरव प्राप्त किया।
बताया गया कि वॉलीबॉल में समीर हसन, अबुज़र फैज़ी, आमिर हमज़ा, मुकेश कुमार यादव, हरप्रीत सिंह, राजवीर यादव, विराट कुमार यादव, प्रिंस यादव, बादल कुमार, अधर्व कुमार दास तथा क्रिकेट में ईशा कुमारी एवं पूजा कुमारी ने छात्रवृत्ति प्राप्त की। प्राचार्य ने विद्यार्थियों एवं शारीरिक शिक्षकों को उनकी इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने आशीर्वचन में कहा कि गत वर्ष नई दिल्ली में आयोजित खेलों के इस महाकुंभ में देश के 26 राज्यों के डीएवी के बेहतरीन खिलाड़ी इकट्ठा हुए थे। उनमें अपने आप को सर्वश्रेष्ठ सिद्ध करना वाकई काबिले तारीफ है।

प्राचार्य डॉ खान ने कहा कि डीएवी संस्था ने देश को खेलों के कई अनमोल हीरे प्रदान किए हैं जिनमें क्रिकेट के ऑल राउंडर व् वर्ष 1983 वर्ल्ड कप विजेता टीम के कप्तान कपिल देव के अलावा दिनेश कार्तिक, साक्षी मलिक, चेतन शर्मा, नीरज चोपड़ा आदि शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अब यह किदवंती कि खेलोगे कूदोगे होगे खराब, पढ़ोगे लिखोगे बनोगे नवाब गलत साबित हो चुकी है। अब नए समय में खेलों को प्रोत्साहन देते हुए इस पंक्ति की सार्थकता सिद्ध हुई है कि पढ़ोगे लिखोगे बनोगे नवाब, खेलोगे कूदोगे होगे लाजवाब।
प्राचार्य ने कहा कि सरकार भी खेलो इंडिया के माध्यम से खेलों को बढ़ावा देने का हर संभव प्रयास कर रही है। विद्यार्थी अपनी रुचि के अनुसार खेलों में आगे बढ़कर इस क्षेत्र को रोजगार के रूप में अपना सकते हैं। इन क्षेत्रों में स्वर्णिम भविष्य छिपा है। उन्होंने यह विश्वास जताया कि इस वर्ष भी डीएवी के राष्ट्रीय खेलों में विद्यालय के अधिक से अधिक विद्यार्थी स्वर्ण पदक जीतें तथा राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय को एक नई पहचान दिलाएं।
डीएवी कथारा के छात्रों के नेशनल लेवल पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए क्षेत्र के महाप्रबंधक सह विद्यालय के एलएमसी संजय कुमार ने भी प्राचार्य एवं विद्यालय परिवार को इस आशातीत सफलता के लिए साधुवाद दी। साथ हीं उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्राचार्य के कुशल नेतृत्व में विद्यालय नित नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। इस अवसर पर समारोह में अनुपस्थित विद्यार्थियों के अभिभावकों को छात्रवृत्ति का चेक प्रदान किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक पंकज कुमार, ए. के. गोस्वामी, डॉ राधे श्याम मिश्रा, नागेंद्र प्रसाद, जितेंद्र दुबे, रंजीत कुमार सिंह, बी के दसौंधी, राकेश रंजन, रितेश कुमार, जयपाल साव, रेखा कुमारी, वीणा कुमारी, आराधना, खुशबू कुमारी, मधुमल्लिका उपाध्याय, ओशीन, सुमन कुमारी सहित सभी शिक्षक-शिक्षिका उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply