एस. पी. सक्सेना/बोकारो। मजदूर संगठन हिंद मजदूर सभा से संबद्ध क्रान्तिकारी इस्पात मजदूर संघ के अध्यक्ष स्व. बच्चा सिंह के निधन के पश्चात युनियन के बोकारो के जनवृत 09 स्थित प्रधान कार्यालय में 31 जुलाई को दिवंगत आत्मा की शान्ति एवं सद्गगति के लिए प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया।
विदित हो कि लम्बे अर्से से बीमार चल रहे स्व. बच्चा सिंह का निधन बीते 29 जुलाई के अपराह्न 12:20 बजे धनबाद में ईलाज के दौरान हो गया।
आयोजित प्रार्थना सभा में पत्रकारों से संक्षिप्त वार्ता के दौरान संघ के महामन्त्री सह-सदस्य एनजेसीएस राजेंद्र सिंह ने कहा कि स्व. बच्चा सिंह का निधन कोयलांचल समेत पूरे सेल के मजदूर वर्ग के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि पूरे कोयलांचल एवं लोहांचल में शोक की लहर है।
अभिभावक समान अध्यक्ष का साथ छूटने से युनियन का हर एक कार्यकर्ता शोक संतप्त है। उन्होंने कहा कि दिवंगत सिंह ने वर्ष 2001 से लगातार युनियन के अध्यक्ष पद को सुशोभित करते हुए हमारा उत्साहवर्धन एवं मार्गदर्शन करते रहे।
कोयलांचल एवं सेल के मजदूरों के प्रति उनका लगाव किसी से छुपा नहीं है। स्व. अध्यक्ष के नेतृत्व में हमने अनेको आन्दोलनों में सफलता प्राप्त की। हिन्द मजदूर सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष होने के नाते राष्ट्रीय स्तर पर भी कोयला एवं स्टील के मजदूरों के हक और अधिकार की आवाज को बुलंद करते रहे।
सिंह ने कहा कि झारखंड सरकार के नगर विकास मंत्री के रूप में भी हमारे दिवंगत अध्यक्ष ने कई ऐतिहासिक एवं क्रन्तिकारी कार्य किये।इस अवसर पर बस इतना हीं कहना है कि अध्यक्ष जी सदैव हमारे दिल में रहेंगें। उनकी यादें हमारी आँखो को नम जरूर करेंगी, मगर उनका क्रान्तिकारी कुशल नेतृत्व शक्ति सदैव हमारा मार्गदर्शन करती रहेंगी।
यूनियन के राष्ट्रीय महामन्त्री हरभजन सिंह सिद्धु ने भी शोक संदेश में संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि स्व. बच्चा सिंह के निधन के समाचार से हम सभी हतप्रभ एवं शोकग्रस्त हैं। कहा कि हमने मजदूर आन्दोलन का एक सच्चा सिपाही खो दिया है।
प्रार्थना सभा में महामंत्री सिंह के अलावे आर के सिंह, बबली सिंह, शशिभूषण, चन्द्र प्रकाश, शम्भु प्रसाद, अखिलेश सिंह, रमेश राय सहित किम्स/एचएमएस परिवार के सैकड़ो पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply