रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पीएमश्री एस एस +2 उच्च विद्यालय कसमार में विद्यालय प्रशासन द्वारा 19 जून को सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में झारखण्ड अधिविद्य परिषद रांची द्वारा आयोजित वार्षिक माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के विद्यालय में प्रथम दस स्थान पर काबिज उत्कृष्ट छात्र – छात्राओं को सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाचरण, स्वस्तिवाचन, दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती माता की प्रार्थना के साथ की गयी, जिसका कुशल संचालन विद्यालय के वरीय शिक्षक डॉ रणजीत कुमार झा ने किया। तत्पश्चात विद्या, निखत, रिया, ज्योति एवं अन्य छात्राओं ने अपनी सुरीली आवाज में स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का संपूर्ण परिचय एवं अतिथियों का स्वागत विद्यालय के अंग्रेजी विभाग के वरीय शिक्षक डॉ अवनीश कुमार झा ने किया। मौके पर विद्यालय के माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के टापर्स के अभिभावकों को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित शिक्षाविद दुर्गा प्रसाद प्रजापति को विद्यालय के शिक्षक महाकांत झा ने पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। विद्यालय प्राचार्य फारुक अंसारी को विद्यालय के अंग्रेजी संकाय के वरीय शिक्षक डॉ अवनीश कुमार झा ने पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया।
मौके पर उपस्थित कसमार थाना प्रभारी भजन लाल महतो को विद्यालय के प्राचार्य फारुक अंसारी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर उपस्थित सम्मानित अतिथि गर्री पंचायत की मुखिया गीता देवी का विद्यालय की शिक्षिका सीमा ठाकुर ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी टापर्स को विद्यालय परिवार द्वारा प्रतीक चिन्ह, स्वर्ण पदक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मौके पर ईको क्लब की गतिविधियों में वर्ष भर बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले छात्र – छात्राओं को स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया गया। उपस्थित अति विशिष्ट अतिथि कसमार उत्तरी क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य अमरदीप महाराज का ईको क्लब के नोडल शिक्षक महाकांत झा ने फूल का पौधा देकर स्वागत किया। बेहतर परीक्षाफल देने वाले विद्यालय के सभी शिक्षकों का विद्यालय के प्राचार्य फारुक अंसारी ने उपहार देकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी शिक्षकों से आगे भी और बेहतर प्रदर्शन करने का अनुरोध किया।
इस कड़ी में ईको क्लब के नोडल शिक्षक महाकांत झा ने अपने संबोधन में उपस्थित सभी स्कूल टापर्स को शाबाशी दी। उपस्थित अतिथियों ने विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित विविध प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। शिक्षाविद् दुर्गा प्रसाद प्रजापति ने कहा कि सभी मेधावी बच्चे विद्यालय की शान हैं। उन्होंने आगामी वर्ष में माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा देने वाले छात्र – छात्राओं को बेहतर परीक्षाफल के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रजापति ने अभिभावकों को भी और मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि गर्री पंचायत की मुखिया गीता देवी ने अपने संबोधन में टापर विद्यार्थियों की उपलब्धि को गर्व का विषय बताया। संबोधित करते हुए कसमार थाना प्रभारी पुलिस सेवा पदक से सम्मानित भजन लाल महतो ने कहा कि सम्मान समारोह को संबोधित कर वे स्वयं को गौरवान्वित महसूस करते हैं। महतो ने कहा कि असफलता ही सफलता की जननी है। उन्होंने सफलता प्राप्ति के लिए कठोर प्रयत्न करने की आवश्यकता पर बल दिया। कहा कि किसी चीज को नकारात्मक नहीं लेना है।

घुमंतू का उदाहरण देकर महतो ने कहा कि समुद्र की लहरें हमें बार-बार कोशिश करने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को शार्ट कट से बचने की हिदायत दी एवं मेहनत के महत्व से सबों को अवगत कराया। समारोह को संबोधित करते हुए कसमार उत्तरी क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य अमरदीप महाराज ने कसमार थाना प्रभारी महतो, प्रधानाध्यापक अंसारी, गर्री पंचायत की मुखिया समेत उपस्थित सभी शिक्षकों के प्रति आभार प्रकट किया।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी सभ्यता – संस्कृति एवं भूमि का सम्मान करने का आह्वान किया। जमीन से जुड़े रहने का आग्रह किया। कहा कि सही लक्ष्य एवं सही राह चुनकर सभी विद्यार्थी जीवन में सफल हो सकते हैं। महाराज ने विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया एवं उज्जवल भविष्य की कामना की।
अध्यक्षीय उद्बोधन में विद्यालय के प्राचार्य फारुक अंसारी ने उपस्थित सभी अतिथिगण का स्वागत किया। उन्होंने सभी टापर विद्यार्थियों के प्रति विशेष आभार प्रकट किया। कहा कि विद्यालय को पीएमश्री विद्यालय बनाने में विद्यालय के कर्मठ एवं विद्वान शिक्षकों का बहुत बड़ा योगदान है। अंसारी ने कहा कि विद्यालय को राज्य का सबसे बेहतर विद्यालय बनाने के लिए सकल प्रयत्न किए जाएंगे। उन्होंने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने के लिए थाना प्रभारी, जिप सदस्य, गर्री मुखिया, शिक्षाविद् प्रजापति, विद्यालय के कर्मठ शिक्षकगण एवं सभी मेधावी छात्र – छात्राओं के प्रति आभार प्रकट किया।
कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के वरीय शिक्षक रामबाबू शुक्ल ने किया एवं सभी मेधावी छात्र – छात्राओं के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने उपरोक्त सहित वरीय शिक्षक डॉ रणजीत कुमार झा, ईको क्लब के नोडल शिक्षक झा समेत सभी छात्र – छात्राओं को साधुवाद दिया।
मौके पर अशोक कुमार रजवार, धनंजय कुमार, सीमा ठाकुर, सुमन कुमारी, कैलाश कुमार, सुजाता कुमारी, सुभय कुमार चक्रवर्ती, परमेश्वर बेसरा, अमित कुमार, सीमा कुमारी, खुर्शीद रजा, डॉ जितेन्द्र कुमार सिंह, सुशीला कुमारी, रितेश कुमार महथा, रिशु कुमार, अजय कुमार दुबे, नितेश कुमार प्रजापति, दिनेश कुमार महतो, रिया कुमारी, प्रमोद कपरदार, पलक मुखर्जी, किशन महाराज, प्रिंस कुमार महतो, उत्तम कुमार, काजल कुमारी, किरण कुमारी, लवली कुमारी, निखत परवीन, प्रेम कुमार, टेकलाल महतो, टॉपर छात्र – छात्राओं के माता-पिता, अभिभावक, शिक्षकगण समेत अन्य उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply