ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। सिखों के दसवें गुरु एवं खालसा पंथ के संस्थापक, सर वंश दानी गुरु गोविंद सिंह महाराज का प्रकाश पर्व मुख्य गुरुद्वारे गिरिडीह में गुरु पर्व के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
प्रकाश पर्व को लेकर एक सप्ताह पूर्व से ही गुरु सिंह सभा गिरिडीह द्वारा कई कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जिनमें 5 दिनों तक (24 से 28 दिसंबर तक) प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। साथ ही साथ 15 दिन पूर्व से ही अखंड पाठ का निरंतर आयोजन किया जा रहा था। जिसका 29 दिसंबर को समापन विधि सम्मत एवं परंपरागत तरीके से किया गया।
इस पवित्र मौके पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का गुरुद्वारा में आने और मत्था टेकने का क्रम जारी रहा। वही पटना से मशहूर हुजूररागी जत्था द्वारा कर्णप्रिय और मधुर शबद कीर्तन प्रस्तुत किया गया। जिसका श्रद्धालुओं ने भरपूर आनंद उठाया।

मौके पर गिरिडीह सदर विधायक शुदिव्य कुमार सोनू ने भी अपने गणमान्य साथियों के साथ गुरुद्वारा पहुंचकर माथा टेका और शबद कीर्तन का आनंद उठाया। इसके उपरांत अटूट लंगर की व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में सिख समुदाय के गणमान्य जनों के अलावा अन्य समुदाय के लोगों ने हिस्सा लेकर लंगर में प्रसाद ग्रहण किया।
पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में श्रीगुरु सिंह सभा गिरिडीह के प्रधान डॉक्टर गुणवंत सिंह मोंगिया, सचिव सरदार नरेंद्र सिंह शम्मी, सह सचिव सरदार त्रिलोचन सिंह, डॉ अमरजीत सिंह सलूजा, सरदार परमजीत सिंह दुआ, सरदार अजिंदर सिंह, सरदार हरमिंदर सिंह बग्गा, सरदार गिदर सिंह, सरदार जोगिंदर सिंह, सरदार देवेंद्र सिंह, कुशल सलूजा सहित कई गणमान्य का सराहनीय सहयोग रहा।
![]()












Leave a Reply