Advertisement

जन चौपाल में सत्ता एवं विपक्ष द्वारा सोनपुर को जिला बनाने की वकालत

हर मोर्चे पर ज्वलंत समस्याओं के निदान में विफल रहे जन प्रतिनिधि

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर के गज -ग्रह चौक स्थित संगत ग्रैंड हॉल में 18 अगस्त को इलेक्शन एक्सप्रेस चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंचासीन सत्ता पक्ष एवं विपक्ष के नेताओं पर उपस्थित जन समूह ने सोनपुर विधानसभा क्षेत्र
की ज्वलंत मुद्दों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए अपने सवालों से जोरदार हमले किए।

आयोजित जन चौपाल के मंच पर भाजपा से सोनपुर के पूर्व विधायक विनय कुमार सिंह, आरजेडी की ओर से वर्तमान विधायक डॉ रामानुज प्रसाद के प्रतिनिधि मनोज कुमार राय, कांग्रेस से पूर्व जिलाध्यक्ष अजय सिंह, जनसुराज से दिघवारा रहिवासी अशोक कुमार सिंह एवं सोनपुर के समाजसेवी ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह टुनटुन शामिल थे। सर्वप्रथम कार्यक्रम के एंकर ने जनता के ज्वलंत मुद्दों को सत्ता पक्ष एवं विपक्ष के प्रतिनिधियों के समक्ष रखते हुए सवाल दागे कि जन प्रतिनिधियों ने इसके लिए क्या किया।

जिसका जवाब बारी – बारी से सभी ने जनता के समक्ष रखा। जब जनता की बारी आई तो उसके तरकश से इतने बाण चले कि सबकी बोलती बंद हो गई। सोनपुर के एक मात्र डिग्री कॉलेज के बंद होने, सबलपुर दियारे में कटाव निरोधक कार्य की विफलता, कटाव निरोधक कार्य के नाम पर लूट, सबलपुर में रिंग बांध बनवाने, सोनपुर-हाजीपुर पुराने गंडक पुल के प्रवेश द्वार के निकट सिंगल रोड के चौड़ीकरण, सोनपुर नगर पंचायत के लकड़ी बाजार, रजिस्ट्री बाजार सहित अनेक क्षेत्रों में जल जमाव और नालियों की खराब स्थिति, बाढ़ राहत वितरण में गड़बडी और कुव्यवस्था, नमामि गंगे घाट पर शौचालय आदि की व्यवस्था नहीं होने, दिघवारा में सामुदायिक शौचालय निर्माण एवं दुकानों का शीघ्र आवंटन पूरा करने सहित अनेक ज्वलंत प्रश्न उठे।

जन चौपाल में सोनपुर रेल मंडल से मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन को हटाकर समस्तीपुर रेल मंडल में विलोपित करने का जबर्दस्त विरोध किया गया। उसे सोनपुर मंडल में ही रखने की आवाज उठी। कार्यक्रम में कहा गया कि बीते 17 वर्षों से सोनपुर -छपरा फोर लेन बन रहा है और उसमें प्रगति नहीं होने पर भी सवाल उठे। सिकुड़ते सोनपुर मेला को बचाने के लिए भी आवाज उठी। इस पर पक्ष-विपक्ष में भी खूब बहस हुई। सोनपुर को जिला बनाने, सोनपुर मेला को व्यापक और विकसित करने पर पक्ष -विपक्ष का साथ मिला।

जनता की ओर से लगनदेव राय, प्रो. पप्पू कुमार, धनंजय सिंह, नरेशु सिंह, जितेन्द्र सिंह, अखिलेश राय आदि ने ज्वलंत मुद्दों के तीर दागे। चौपाल में दर्शक के रूप में वरिष्ठ साहित्यकार सुरेन्द्र मानपुरी, अधिवक्ता विश्वनाथ सिंह, संगीत कला मर्मज्ञ तृप्ति नाथ सिंह, सुनील यादव, मनीष कुमार, ठाकुर संग्राम सिंह, अभय कुमार सिंह, दीपक शर्मा, अनुपम कुमार चंदन, सारंगधर सिंह, ब्रज किशोर शर्मा, लालबाबू कुशवाहा सहित सैकड़ों रहिवासी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *