प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। शिक्षा के उजाले को आर्थिक तंगी की अंधेरी दीवारें रोक नहीं सकीं। बोकारो जिला के हद में पिट्स मॉडर्न स्कूल आईएल (गोमिया) की यूकेजी की होनहार और मेधावी छात्रा तन्वी कुमारी ने इस मिथक को छात्रवृत्ति पाकर नकार दिया है।
तन्वी आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से संबंध रखती है। स्कूल फीस जमा करने में असमर्थता के कारण उसकी आगे की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका थी। ऐसे संवेदनशील समय में विद्यालय के पूर्व छात्र संघ ने आगे बढ़कर तन्वी को लगभग 53 हज़ार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की, ताकि उसकी शिक्षा की रफ्तार धीमी न पड़े। यह राशि तन्वी के ट्यूशन एवं एडमिशन शुल्क के लिए दी गई है।
तन्वी के पिता गोमिया प्रखंड के हद में बांध बस्ती रहिवासी धनेश्वर गोप शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं और परिवार सीमित संसाधनों में जीवनयापन कर रहा है। इसके बावजूद तन्वी ने अपनी मेहनत और लगन से विद्यालय में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। छात्रवृत्ति मिलने से अब न केवल उसकी पढ़ाई सुचारू रूप से जारी रह सकेगी, बल्कि उसके सपनों को भी नई उड़ान मिलेगी।
विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह का माहौल भावुक और प्रेरणादायक रहा। प्राचार्य बृजमोहन लाल दास एवं स्कूल समन्वयकों ने तन्वी को सम्मानित करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्राचार्य ने कहा कि प्रतिभा कभी संसाधनों की मोहताज नहीं होती, जरूरत केवल सहयोग और संवेदनशीलता की होती है।
कार्यक्रम में आईईएल ओरिका के महाप्रबंधक अभिषेक विश्वास, विद्यालय प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष अरिंदम दास गुप्ता ने भी विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति केंद्रित और दृढ़ रहने का संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी बच्चा गरीबी के कारण शिक्षा से वंचित न हो, यही इस पहल का मूल उद्देश्य है। कहा कि पूर्व छात्र संघ का यह प्रयास न केवल सराहनीय है, बल्कि समाज के लिए एक मानवीय मिशाल भी है। यह अवसर विद्यालय परिवार के लिए गर्व, संवेदना और प्रेरणा का क्षण बन गया। विद्यालय प्रबंधन ने पूर्व छात्र संघ के इस उदार और करुणामय सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए तन्वी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
![]()













Leave a Reply