बाबा गरीबनाथ पर जलाभिषेक को ढाई लाख कांवरिया रवाना
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में पहलेजा धाम घाट से पवित्र गंगाजल लेकर 27 जुलाई को लगभग ढ़ाई लाख डाक कांवरियों का जत्था तीसरी सोमवारी को मुजफ्फरपुर स्थित बाबा गरीबनाथ पर जलाभिषेक के लिए रवाना हो गया।
इस कड़ी में सोनपुर अनुमंडल प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्था के बीच पहलेजा धाम में स्नान, संकल्प एवं जल पात्र में गंगा जल भरने के लिए डाक कांवरियों का जन सैलाब उमड़ आया। कच्चे और पूरी तरह कीचड़युक्त घाटों पर छप – छप करते कीचड़ में पैर धंसने एवं एक दूसरे के शरीर पर कीचड़ उछलने और पड़ने की परवाह किए बिना कांवरियों की भीड़ बोल बम, साइड बम, संभल कर बम का गगनभेदी नारा बुलंद करते हुए घाट से मुख्य मार्ग की ओर बढ़ते चले जा रहे थे।
चिकनी कीचड़ युक्त मिट्टी में कई कांवरिए तेज चलने की वजह से गिर भी रहे थे, पर कीचड़ में ही कमल खिलता है के तर्ज पर झट उठकर बाबा भोले की भक्ति में लीन होकर चल पड़ते या कहिए कि कीचड़ में ही दौड़ पड़ते। ऐसा लग रहा था कि उन्हें बाबा गरीब नाथ अपनी ओर खींच रहे हैं। जिसके कारण इन छोटी -मोटी बाधाओं का उन पर कोई असर नहीं पड़ रहा था।
श्रावणी मेला का दिखा विराट स्वरूप
ज्ञात हो कि, बीते 26 जुलाई से पहलेजा घाट स्थित गंगा नदी के जल स्तर मे कमी की वजह से बाढ़ का पानी काफी नीचे उतर आया, जिससे घाट पर घुटनों तक कीचड़ हो गया है। कहीं ज्यादा, कहीं कम कीचड़। महिलाएं ज्यादा फिसल रही थी। लगभग एक किलोमीटर के दायरे में पहलेजा धाम श्रावणी मेला फ़ैला दिखा। गंगा माता मुख्य द्वार से गंगा माता मंदिर मुख्य स्नान मार्ग हो या गंगा माता मुख्य मार्ग से राम जानकी मंदिर मार्ग पर कांवरियों का रेला उमड़ आया था। राम जानकी मंदिर में हजारों की संख्या में कांवरियों की भीड़ थी। यहां एक हजार से अधिक छोटी बड़ी दुकानें थीं जहां खरीद बिक्री हो रही थी। पर्यटन विभाग का टेंट सिटी कांवरियों से पटा पड़ा था।

इस अवसर पर गंगा माता मंदिर के निकट कंट्रोल रूम से कांवरियों पर नजर रखी जा रही थी और लगातार यहां से उद्घोषणा की जा रही थी। अवांछित तत्वों या पॉकेटमारों से सावधान रहने, गहरे पानी में नहीं जाने और बैरिकेडिंग के भीतर स्नान करने की सलाह दी जा रही थी। तीर्थ पुरोहितों को भी सलाह दी जा रही थी कि वे रास्ता छोड़कर पूजा या संकल्प कराएं, जिससे आने -जाने में कांवरियों को असुविधा न हो।
कीचड़ से भरा हुआ है डाक कांवरिया रेलपथ मार्ग
पहलेजा धाम से डाक कांवरियों का जत्था पुराने पहलेजा सोनपुर रेल मार्ग जो अभी डाक कांवरियों का मुख्य मार्ग बन गया है वब कीचड़ से भर गया है। नई मिट्टी की भराई और बरसात ने इस सड़क को भी खराब कर दिया है। इस मार्ग से होते हुए कांवरियों का जत्था लालू यादव चौक एनएच 19 से होते न्यू गंडक पुल पार कर हाजीपुर की ओर बढ़ चला। महाराणा प्रताप सेवा समिति के सौजन्य से सोनपुर के एनएच 19 पर धर्मकांटा के सामने डाक-बम कांवरिया शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का उद्घाटन भारतीय जनता पार्टी एवं बाल्मीकि समाज के नेता दुर्गा दास ने किया। साथ में प्रदेश क्रीड़ा प्रकोष्ठ प्रभारी अभय कुमार सिंह, सोनपुर नगर मंडल भाजपा अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह बब्लू, दक्षणी मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा, वाणिज्य प्रकोष्ठ के राजीव सिंह, बिहार प्रदेश भाजपा कार्य समिति सदस्य बेला यादव, जन शिक्षण संस्थान के निदेशक अजीत कुमार सिंह, राजेश कुमार राज, सुशील सिंह, ओमप्रकाश, युवा नेता विक्रम कुमार रावत, राजू कुमार, धीरज गुप्ता, अमित कुमार सिंह, सुमित कुमार, संजीत पटेल, अंशु कुमार, विजय कुमार, अजय राय, जितेंद्र कुमार, राहुल सन्यासी, राजन कुमार दास सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कांवरियों की सेवा करते दिखे।
![]()













Leave a Reply