हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच 22 पर गुंज उठा हर हर महादेव का जय घोष
गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। सावन की तीसरी सोमवारी को 28 जुलाई को मुजफ्फरपुर स्थित बाबा गरीबनाथ पर जल अर्पित करने के लिए डाक बम कांवरिये सारण जिला के हद में पहलेज़ाघाट से गंगाजल लेकर मुजफ्फरपुर के लिए एक लाख से ज्यादा की संख्या में रवाना हुए।
डाक बम शिवभक्तों से 27 जुलाई को सारण जिला का हरिहर क्षेत्र और वैशाली जिला गुलजार रहा। पूरा कांवरिया मार्ग बोल बम के नारे और बाबा भोलेनाथ के जयकारे से गूंज रहा था। बाबा गरीबनाथ धाम मुजफ्फरपुर के अलावे वैशाली जिले के प्रसिद्ध शिवालयों में जलाभिषेक करने के लिए भक्तों की डाक बम यात्रा शुरू हुई। ये डाक बम बिना कहीं रुके अनवरत चलते हुए अपने गंतव्य पर पहुंच कर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक 28 जुलाई की प्रातः से करेंगे। डाक बम में सभी वर्ग के श्रद्धालू शामिल थे, जिनमें युवाओं की काफी अधिक संख्या थी। डाक बम श्रद्धालुओं की सेवा के लिए विभिन्न स्थानों पर क्षेत्र के सामाजिक व् राजनीतिक संगठनों की ओर से शिविर लगाये गये है।
वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर में प्रवेश करते ही गंडक पुल रोड, अंजानपीर से लेकर दिग्घी के बीच जगह-जगह स्वयंसेवकों की टोली डाक बम शिवभक्तों की सेवा में जुटी दिखी। लेकिन शिविरों पर लगे कर्णभेदी डीजे की आवाज से राहगीरों को परेशानी भी हुई। इस दौरान क्षेत्र में वर्षा नहीं होने व् कड़ी धूप के बाबजूद गुजरते हुए बाबा भोलेनाथ की भक्ति में डूबे कांवरिये पूरे उल्लास के साथ झूमते-गाते और बोल बम के नारे लगाते तेज कदमों से बढ़े जा रहे थे।
संध्या लगभग तीन बजे पहलेजा घाट से डाक बम का पहला जत्था हाजीपुर मार्ग से बाबा गरीबनाथ स्थान के लिए गुजरना शुरू किया।इसके बाद जो सिलसिला शुरू हुआ, वह देर रात्रि तक जारी रहा। कुछ डाक कांवरिया वैशाली जिला के हद में लालगंज फ़कुली मार्ग से निकले लेकिन अधिकांश कांवरिया हाजीपुर दिग्घी जेल के पास एनएच 22 से होकर पुराने मार्ग से गुजरे। डाक कांवरियों की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन की ओर से इंतजाम किये गये हैं।

जानकारी के अनुसार हाजीपुर शहर में गंडक पुल रोड, अंजानपीर चौक से लेकर दिग्घी, पुलिस लाइन तक पुलिस-सुरक्षाकर्मी तैनात दिखे। उसके आगे भी एनएच 22 में सराय, भगवानपुर, गोरौल आदि स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था देखी गयी। इस दौरान एनएच 22 पर बड़े वाहनों का परिचालन रोक दिया गया था। गुजरते हुए डाक कांवरिया को देखने के लिए एनएच मार्ग पर काफी दर्शक मौजूद थे। हर जगह कावरियों की सेवा में समाजसेवी युवा मौजूद रहे। पूरा हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मार्ग हर हर महादेव के जयघोष से गूंज रहा था।
![]()













Leave a Reply