अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। इस वर्ष संपन्न बिहार विधान सभा चुनाव में सौंपे गए दायित्वों के कुशल, सजग एवं निष्ठापूर्ण निर्वहन के लिए सारण जिले के पुलिस पदाधिकारियों व कर्मियों को जिला के हद में सोनपुर मेला के अस्थाई पुलिस केंद्र कैंप में बीते 10 दिसंबर को आयोजित अपराध निरोध गोष्ठी में पुरस्कृत किया गया।
जानकारी के अनुसार सारण के वरीय आरक्षी अधीक्षक डॉ कुमार आशीष ने अपराध निरोध गोष्ठी के उपरांत जिले के पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सराहना की। वरीय पुलिस अधीक्षक के सक्षम नेतृत्व, प्रभावी रणनीति एवं सतत पर्यवेक्षण के फलस्वरूप जिले में चुनाव प्रक्रिया पूर्णतः शांतिपूर्ण, भयमुक्त, निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से संपन्न हो सकी, जो लोकतंत्र की मजबूती का सशक्त उदाहरण है।
चुनाव अवधि के दौरान विधि व्यवस्था संधारण, संवेदनशील क्षेत्रों में सतत गश्ती, मतदान केंद्रो की प्रभावी सुरक्षा, असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी, त्वरित कार्रवाई एवं आम नागरिकों के साथ सौहार्दपूर्ण संवाद के माध्यम से सारण पुलिस ने अपने कर्तव्य का निर्वहन अनुशासन, साहस एवं प्रतिबद्धता के साथ किया। परिणामस्वरूप जिले में मतदाताओं ने निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
इस अवसर पर चुनाव कार्य में उत्कृष्ट योगदान, अनुकरणीय सेवा भावना तथा उल्लेखनीय सहयोग के लिए एसडीपीओ सोनपुर प्रितिश कुमार, एसडीपीओ सदर-1 रामपुकार सिंह, एसडीपीओ मढ़ौरा-1 नरेश पासवान, एसडीपीओ मढ़ौरा-2 संजय कुमार सुधांशु, एसडीपीओ सदर-2 राज कुमार सहित सभी वरीय पदाधिकारियों से लेकर सिपाही संवर्ग तक के पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सम्मान स्वरूप प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। वरीय पुलिस अधीक्षक सारण द्वारा सभी को उनके अथक परिश्रम, कर्तव्यनिष्ठा, टीम भावना एवं समर्पण के लिए साधुवाद दी गई तथा भविष्य में भी इसी ऊर्जा एवं उत्साह के साथ जनसेवा करते रहने का आह्वान किया गया।
![]()













Leave a Reply