Advertisement

बैजलपुर जमुनी स्थित न्यू गणपति सीमेंट भंडार चोरी की घटना का पुलिस द्वारा उद्भेदन

मामले में अंतर जिला संगठित चोर गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण पुलिस ने जिला के हद में गरखा एवं सोनपुर थाना क्षेत्रों में घटित चोरी की घटनाओं का उद्भेदन करने का दावा किया है। इस मामले में गठित गरखा एवं सोनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतर जिला चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गये सामग्री को भी बरामद किया है।

सारण जिला ग्रामीण पुलिस अधीक्षक संजय कुमार के कार्यालय कक्ष में 17 जनवरी को पत्रकारों को उपरोक्त जानकारी दी गई। बताया गया कि सोनपुर थाना क्षेत्र के
बैजलपुर जमुनी स्थित न्यू गणपति सीमेंट भंडार से लगभग 10 टन सरिया (छड़), तार, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, डीजल एवं नगद राशि की चोरी के साथ – साथ उक्त चोरी की घटना से पूर्व बीते माह 10 दिसंबर को गरखा थाना क्षेत्र के जसोसती पोखरा के पीछे, मुबारकपुर जाने वाली सड़क स्थित एक गोदाम में भी ताला तोड़कर चोरी की घटना घटी थी। उपरोक्त दोनों घटनाओं में शामिल एक ही गिरोह के सदस्य थे।

विदित हो कि विगत 8 जनवरी को सोनपुर थाना क्षेत्र के बैजलपुर जमुनी स्थित न्यू गणपति सीमेंट भंडार से उपरोक्त सामानों की चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में वादी के लिखित आवेदन के आधार पर सोनपुर थाना में कांड क्रमांक-31/26 दर्ज किया गया था। बताया गया कि चोरी की घटना से पूर्व बीते 10 दिसंबर को गरखा थाना क्षेत्र के जसोसती पोखरा के पीछे, मुबारकपुर मार्ग स्थित एक गोदाम में भी ताला तोड़कर चोरी की घटना घटी थी।

जिसमें पीड़िता द्वारा बताया गया कि उक्त गोदाम को उन्होंने किराये पर लेकर उसमें चुरा मिल से संबंधित माल संग्रहित किया था। अज्ञात चोरों द्वारा गोदाम का ताला तोड़कर ट्रक के माध्यम से बड़ी मात्रा में अनाज की चोरी कर ली गई। इस संबंध में वादी के लिखित आवेदन के आधार पर गरखा थाना में कांड क्रमांक -951/25 दर्ज किया गया था।

उपरोक्त दोनों ही चोरी की घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक सारण के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर वन के नेतृत्व में गरखा थाना एवं सोनपुर थाना की संयुक्त टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा डीएलयू के सहयोग से तकनीकी अनुसंधान एवं गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की योजना बनाई गई। छापामारी टीम द्वारा छापेमारी के क्रम में गरखा थाना कांड से संबंधित 3 आरोपियों को मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ एवं स्वीकारोक्ति (कन्फेशन) के दौरान यह तथ्य सामने आया कि सोनपुर थाना क्षेत्र में हुई स्टील बार (सरिया छड़) चोरी की घटना भी इसी संगठित गिरोह द्वारा कारित की गई थी। अभियुक्तों के कन्फेशन एवं निशानदेही के आधार पर मुजफ्फरपुर से सोनपुर थाना कांड में संलिप्त एक अन्य अभियुक्त को भी गिरफ्तार किया गया। इस प्रकार सोनपुर एवं गड़खा थाना कांडों में संलिप्त कुल 4 संदिग्ध आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।

कहा गया कि सारण पुलिस अपराधियों के विरुद्ध सख्त एवं त्वरित कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। सभी दोषियों को विधिवत स्पीडी ट्रायल के द्वारा त्वरित सजा दिलवाई जाएगी। गिरफ्तार आरोपियों में सानू कुमार, पिता-छोटेलाल चौधरी, साकिन जाफरपुर, थाना-पारु, जिला-मुजफ्फरपुर, सबरेश कुमार, पिता-अरुण कुमार, साकिन-माधोपुर बुजुर्ग, थाना-देवरिया, जिला-मुजफ्फरपुर, अनिल राय, पिता- अरुण कुमार, साकिन-माधोपुर बुजुर्ग, थाना-देवरिया, जिला-मुजफ्फरपुर एवं राजन कुमार, पिता-कामेश्वर सिंह साकिन- दाउदपुर थाना- पारु जिला-मुजफ्फरपुर शामिल है।

गिरफ्तार अभियुक्तों का पुलिस ने खंगाला इतिहास

गिरफ्तार अभियुक्त अनिल राय, और सबरेश कुमार का ज्ञात अब तक का अपराधिक इतिहास पर पुलिस ने जानकारी दी कि गरखा थाना कांड क्रमांक -951/25 धारा-303 (2)/334(1) बीएनएस, सोनपुर थाना कांड क्रमांक 31/26 धारा-303 (2)/318 (4) बीएनएस, बोचहा थाना (मुजफ्फरपुर) कांड क्रमांक -309/25 धारा-303 (2) बीएनएस, पचरुखी थाना (सिवान) कांड क्रमांक -561/25 धारा-303 (2)/334(1) बीएनएस, गोरौल थाना (वैशाली) कांड क्रमांक -743/25 बीएनएस 334(1)/303(2), चिरैया थाना (पूर्वी चंपारण) कांड क्रमांक -588/25 धारा-331(2)/305 बीएनएस, पारु (मुजफ्फरपुर) थाना कांड क्रमांक -02/26 धारा-334 (1)/303(2) बीएनएस शामिल है।

इसके अलावा पारु थाना (मुजफ्फरपुर) कांड क्रमा-08/26 धारा-334 (1)/303(2) बीएनएस, भेल्दी थाना कांड क्रमांक -24/26 धारा-303 (2) बीएनएस शामिल है।
पुलिस ने चोरी गए समानों में चना-930 किलोग्राम, चना दाल-4500 कि.ग्रा., मटर दाल-1170 कि.ग्रा., सरिया छड़ -4 पीस 7.2 टन बरामद किया गया। टीम में शामिल पुलिस पदाधिकारी व कर्मियों में सोनपुर थानाध्यक्ष राजनंदन एवं थाना के अन्य कर्मी एवं गरखा थाना थानाध्यक्ष शशि रंजन कुमार एवं थाना के अन्य कर्मी के अलावा जिला आसूचना इकाई की सहभागिता रही। इस अवसर पर सारण ग्रामीण एसपी संजय कुमार भी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *