नकद राशि तथा सोने जैसा मांगटीका का चेन बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण पुलिस ने जिला मुख्यालय छपरा के भगवान बाजार थाना क्षेत्र के धर्मनाथ मंदिर में घटित चोरी की घटना का उद्भेदन का दावा किया है। पुलिस ने काण्ड में शामिल एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है।
ज्ञात हो कि बीते 18 दिसंबर को छपरा के भगवान बाजार थाना को सूचना प्राप्त हुई थी कि अज्ञात चोरों द्वारा थाना क्षेत्र के धर्मनाथ मंदिर में चोरी की घटना कारित की गई है। घटना की सूचना पाकर वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-वन द्वारा स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया। इस संदर्भ में भगवान बाजार थाना में कांड क्रमांक-704/25 दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
बताया जाता है कि पुलिस द्वारा अनुसंधान के क्रम में प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर बीते 20 दिसंबर को भगवान बाजार थानान्तर्गत गैस गोदाम के पीछे से संदिग्ध हालत में पंकज कुमार राय उर्फ बेंगा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से नकद राशि तथा सोने जैसा मांगटीका का पिछला चेन बरामद किया गया।
इसके बाद अभियुक्त से पूछताछ जारी है एवं अन्य संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी भगवान बाजार थाना क्षेत्र के ही रतनपुरा मोहल्ला रहिवासी शंभु राय का पुत्र पंकज कुमार राय उर्फ बेंगा है। पुलिस द्वारा जप्त सामानों में नगद राशि ₹1809, सोने जैसा मांगटीका का पिछला चेन शामिल है। उक्त बरामदगी और गिरफ्तारी में थानाध्यक्ष, भगवान बाजार थाना एवं थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी व् कर्मी शामिल थे।
![]()













Leave a Reply