Advertisement

शिबू सोरेन स्मृति भवन में होगा कवि गोष्ठी व् सांस्कृतिक र्कायक्रम का आयोजन

बोकारो शब्द सरिता महोत्सव हर किताब एक नई दिशा का 7 जनवरी से आयोजन

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला समाहरणालय सभागार में शिबू सोरेन स्मृति भवन में कवि गोष्ठी व् सांस्कृतिक र्कायक्रम के आयोजन को लेकर जिला उपायुक्त अजय नाथ झा तथा उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने प्रेस वार्ता कर तैयारी की जानकारी दी।

बोकारो जिले में साहित्य, संस्कृति एवं वैचारिक चेतना को सशक्त करने के उद्देश्य से बोकारो शब्द सरिता महोत्सव – हर किताब एक नई दिशा दिखाती है का आयोजन आगामी 7 जनवरी से किया जाएगा। यह आयोजन शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हॉल), बोकारो में संपन्न होगा, जो 8 जनवरी तक होगा।

उक्त आयोजन को लेकर समाहरणालय सभागार में उपायुक्त (डीसी) एवं उप विकास आयुक्त (डीडीसी) द्वारा 30 दिसंबर को प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी दी गई। आयोजित प्रेस वार्ता में जिला उपायुक्त झा ने कहा कि बोकारो शब्द सरिता महोत्सव जिले को वाइब्रेंट जिला बनाने की दिशा में एक और पहल है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कम से कम एक पैरा पढ़ने और लिखने की आदत विकसित करें, ताकि बौद्धिक एवं वैचारिक विकास को गति मिल सके।

उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान समय में वैचारिक शून्यता को समाप्त करने के लिए ऐसे साहित्यिक आयोजनों से अधिक से अधिक जनों को जुड़ना चाहिए। उन्होंने जिलावासियों से अपील की कि महोत्सव के दौरान वे कम से कम एक पुस्तक अवश्य खरीदें और पढ़ें। प्रेस वार्ता में उपायुक्त ने बताया कि महोत्सव में कवि गोष्ठी, साहित्यिक संवाद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम में बोकारो जिला सहित राज्य के साहित्यकार, कवि एवं बुद्धिजीवी हिस्सा लेंगे। महोत्सव में स्थानीय लेखक, कवि एवं प्रकाशक भी आयोजन समिति के सदस्यों से संपर्क कर अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकते हैं। उन्हें अपनी रचनाओं एवं पुस्तकों के प्रदर्शन का अवसर प्रदान किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) ने बताया कि प्रशासन द्वारा आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं तथा साहित्य प्रेमियों को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि बोकारो शब्द सरिता महोत्सव-2026 में देश के प्रतिष्ठित लेखक, कवि, शिक्षाविद, प्रकाशक एवं साहित्य प्रेमी हिस्सा लेंगे।

जिसमें भारतीय साहित्य अकादमी युवा पुरस्कार-2016 से सम्मानित लेखक निलोत्पल मृणाल, शिक्षाविद एवं एकलव्य संस्था के संस्थापक मोहम्मद यासिर, प्रसिद्ध कथा लेखक शिवनारायण गौर, संथाली लेखक व विश्वभारती विश्वविद्यालय के प्रोफेसर धनेश्वर मांझी, शिक्षाविद व प्रकाशक डॉ शकुंतला मिश्रा, लेखक डॉ विनोद खोरठा, रांची विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ विनय भारत, लेखक व समाजसेवी डॉ साजिद हुसैन, वॉकिंग बुक फेयर के संस्थापक अक्षय, मानवविज्ञान के सहायक प्राध्यापक डॉ अभय मिंज, रूम टू रीड के राज्य प्रमुख सूरज कुमार, सुप्रसिद्ध कवयित्री पद्मिनी शर्मा तथा रामायण आधारित काव्य रचनाओं से देश-विदेश में चर्चित कवि अमन अक्षर आदि शामिल होंगे।

साथ ही महोत्सव में एकलव्य, रूम टू रीड, पिरामल फाउंडेशन, प्रथम बुक्स, झारखंड झरोखा, विजय पब्लिकेशन, प्रकाशन संस्थान, बुक फाइंड एवं प्रभात बुक्स जैसे प्रतिष्ठित प्रकाशक देश के विभिन्न हिस्सों से भाग लेंगे। मौके पर एसी मो. मुमताज अंसारी, एसडीओ चास प्रांजल ढ़ांडा, एनडीसी प्रभाष दत्ता, डीपीआरओ रवि कुमार, डीपीओ राज शर्मा, डीएसओ हेमलता बुन, डीडीएमओ शक्ति कुमार, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह, नीति आयोग के कंसल्टेंट सुदीप्तो हाजरा आदि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *