श्रीलंका में आयोजित 20वें लेखक शिविर में उन्हें मिला सम्मान
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्वोत्तर हिंदी अकादमी शिलांग (श्रीलंका) की ओर से विश्व हिंदी दिवस के मौके पर आयोजित 20वें लेखक शिविर में बिहार के वैशाली जिले की सुप्रसिद्ध साहित्यकार, लेखिका डॉ रेणु शर्मा को विशिष्ट सम्मान से सम्मानित किया गया।
यह गौरवशाली आयोजन श्रीलंका के बेन्टोटा, नुवारा एलिया और कैंडी के रमणीय स्थलों पर आयोजित किया गया। जहां डॉ रेणु शर्मा को हिंदी साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए विवेकानंद सांस्कृतिक केंद्र श्रीलंका के निदेशक ने आधिकारिक रूप से सम्मानित किया। उच्चायोग कोलम्बो के विवेकानंद सांस्कृतिक केंद्र के सभागार में कवियित्री डॉ शर्मा ने अपनी देशभक्ति रचना का पाठ कर सभी उच्चाधिकारियों की वाहवाही लूटी। इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर उनकी उपस्थिति ने न केवल बिहार बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाया है।
शिविर के दौरान डॉ रेणु शर्मा ने विभिन्न सत्रों में अपनी साहित्यिक रचनाओं और विचारों को साझा किया। जिसकी सराहना अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने भी की। निदेशक ने उन्हें स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए कहा कि हिंदी भाषा को वैश्विक स्तर पर समृद्ध करने में ऐसे लेखकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके पैतृक जिले वैशाली और बिहार के साहित्यिक क्षेत्रों में इस उपलब्धि से हर्ष का माहौल है। विद्वानों का मानना है कि ऐसे आयोजनों से भारत और श्रीलंका के सांस्कृतिक संबंध और भी सुदृढ़ होंगे।
![]()













Leave a Reply