Advertisement

नयागांव में पिकअप का टायर ब्लास्ट होने से पिकअप सवार पांच की मौत, दो दर्जन जख्मी

सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में नयागांव थाना के वाजिदपुर फोरलेन के समीप 16 जून को एक पिकअप वाहन का टायर ब्लास्ट कर गया। जिससे पिकअप सवार पांच यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि लगभग दो दर्जन सवार जख्मी हो गए।

उक्त दुर्घटना की सूचना मिलते ही सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ कुमार आशीष ने घटनास्थल का निरीक्षण कर उपस्थित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। घायलों का इलाज सोनपुर अनुमंडलिय अस्पताल में चल रहा है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय सारण से प्राप्त सूचना के अनुसार सभी मृतक दिघवारा थाना क्षेत्र के सैदपुर रहिवासी थे। सभी मृतक ग्राम सैदपुर से मकई का चुरा बनवाने के लिए सराय जा रहे थे, तभी वाजिदपुर फोरलेन के समीप पिकअप का टायर ब्लास्ट हो गया, जिससे पिकअप सवार अरविंद कुमार, पिता अरूण राम, रहिला देवी पति भगवान पासवान, लक्ष्मी देवी पति जोगेंद्र भगत, गोलू कुमार पिता किशोरी राम तथा बादल कुमार पिता सुरेन पासवान की मौत हो गयी। बताया गया कि इस घटना में लगभग 20 अन्य जख्मी हो गये हैं।

बताया गया कि उक्त घटना की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नयागांव थाना पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया एवं मृतक/ मृतिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेजा गया। सभी जख्मी को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल सोनपुर भेजा गया है, जहां से उनके परिजनों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया है। नयागांव थाना पुलिस टीम द्वारा घटना से जुड़ी सभी बिन्दुओं की जांच की जा रही है।

इसी क्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ कुमार आशीष ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है एवं संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया है। वर्तमान में विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। अग्रतर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *