जिला पदाधिकारी द्वारा सुरीली आवाज़ में वैशाली की जनता से मतदान का आह्वान
गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। लोकतंत्र के इस महापर्व बिहार विधान सभा आम निर्वाचन के पावन अवसर पर वैशाली जिले की जनता को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने एक अनोखी पहल की है। उन्होंने अपनी मधुर और सुरीली आवाज़ में एक गीत के माध्यम से मतदाताओं को प्रेरित किया है।
वैशाली की जनता सुनिह हमरो पुकार, तू मतदान करिह…
पहले करिह मतदान, फिर जलपान करिह…
छौ नवंबर दिन वृहस्पतिवार तू मतदान करिह…
पहले करिह मतदान, फिर जलपान करिह
बहुत है कीमत तोहर एक-एक वोट के,
ईवीएम के बटन दबईह जरा सोच के,
गणतंत्र की जननी के करिह मजबूत तू मतदान करिह…
पहले करिह मतदान, फिर जलपान करिह
जिलाधिकारी का यह गीत गणतंत्र की जननी वैशाली की धरती पर चर्चा का विषय बन गया है। रहिवासी इसे सोशल मीडिया और विभिन्न प्लेटफॉर्म पर साझा कर रहे हैं।
ज्ञात हो कि, जिलाधिकारी सिंह के इस पहल का उद्देश्य आमजन को यह याद दिलाना है कि मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि एक पवित्र कर्तव्य है जो लोकतंत्र की बुनियाद को मजबूत करता है। जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने स्वीप कार्यक्रम के तहत यह संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक का एक वोट अमूल्य है। कहा कि जब हम सब मिलकर मतदान करते हैं, तब ही एक सशक्त सरकार और सुदृढ़ लोकतंत्र का निर्माण होता है। उन्होंने बताया कि मतदान के दिन मतदाता पहले वोट डालें, उसके बाद ही जलपान एवं अन्य कार्य करें।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम रहिवासियों ने भी मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। महिलाओं, युवा मतदाताओं और पहली बार वोट करने वालों में इस गीत ने विशेष उत्साह पैदा किया है। जिला पदाधिकारी का यह प्रेरक गीत न केवल एक प्रशासनिक संदेश है, बल्कि एक भावनात्मक अपील भी है, जिससे जनता को यह महसूस हो कि उनका हर वोट राष्ट्र की दिशा तय करने में योगदान देता है।
इस पहल ने वैशाली में लोकतांत्रिक जागरूकता को नई ऊर्जा दी है। वैशाली के जनता सुनिह हमरो पुकार तू मतदान करिह, पहिले करिह मतदान फिर जलपान करिह अब केवल एक नारा नहीं, बल्कि वैशाली के हर नागरिक की आवाज़ बन गया है।
![]()













Leave a Reply