रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। रंगों के त्योहार होली को आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने के उद्देश्य से बीते 28 फरवरी को बोकारो जिला के हद में कसमार थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी कुंदन कुमार ने की।
शांति समिति की बैठक में थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों और गणमान्य नागरिकों ने हिस्सा लिया। बैठक में उपस्थित जनों ने होली का पर्व शांतिपूर्ण तरीके से मनाने को लेकर अपने-अपने विचार साझा किए।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि त्योहार के दौरान हुड़दंगियों, शराबियों और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। किसी भी प्रकार की अशांति फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक को संबोधित करते हुए कसमार के अंचल निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिंह, अंचलाधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह और बीडीओ नम्रता जोशी ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने में जनता के सहयोग की अपील की। थाना प्रभारी कुंदन कुमार ने सरकार एवं प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी।

मौके पर कसमार प्रखंड प्रमुख नियोती कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि होली हमारी संस्कृति और परंपरा का प्रतीक पर्व है, जिसे हमें प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता के साथ मनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व त्योहार के माहौल को खराब करने की कोशिश करते हैं, लेकिन कसमार की जनता जागरूक है और ऐसे तत्वों को कभी सफल नहीं होने देगी। उन्होंने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे जिम्मेदारी निभाएं, नशे और हुड़दंग से दूर रहें तथा समाज में सकारात्मक संदेश दें। प्रखंड प्रमुख ने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन सकुर अंसारी ने किया। बैठक में झामुमो नेता फारूक अंसारी, महेंद्र सिंह, आजाद अंसारी, भाजपा नेता यदुनंदन जायसवाल, बाणेश्वर महतो, छोटेलाल सिंह, राजेंद्र कुमार पांडेय, शेखावत अंसारी, मंजू देवी, इंद्रजीत पांडेय, आशीष दास, रामलाल हजाम समेत कई गणमान्य मौजूद थे।
![]()













Leave a Reply