Advertisement

फुटपाथ दुकानदार महासंघ संरक्षक ने एसडीओ को सौंपा ज्ञापन

सेल प्रबंधन से बात कर होगा दुकानदारों का पुनर्वास-एसडीओ

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। झुग्गी-झोंपड़ीवासी सह फुटपाथ दुकानदार महासंघ के संरक्षक सह आम आदमी पार्टी के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी कुमार राकेश के नेतृत्व में 16 अक्टूबर को एक प्रतिनिधिमंडल ने अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) चास प्रांजल ढ़ांडा से मिलकर ज्ञापन सौंपा।

जानकारी देते हुए आप नेता कुमार राकेश ने बताया कि एसडीओ से भेंट में विस्तारित बोकारो हवाई अड्डा से प्रभावित मीट-मुर्गा दुकानदारों को पुनर्वासित करने की मांग की गयी। उन्होंने बताया कि महासंघ के प्रतिनिधिमंडल द्वारा बीते 13 अक्टूबर को उपायुक्त बोकारो अजय नाथ झा को सौंपे गये ज्ञापन की प्रति एसडीओ चास को सौंपी गयी। साथ ही शीघ्र सभी मीट-मुर्गा दुकानदारों की समस्या का समाधान करने से संबंधित लंबी वार्ता की गयी।

एसडीओ चास प्रांजल ढ़ांडा ने कहा कि हर हाल में बोकारो हवाई अड्डा शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। इसीलिए वर्षों से रोजगार कर रहे किसी मीट दुकानदार को हटाने से पूर्व पुनर्वासित किया जायेगा। इसके लिए सेल प्रबंधन से बात कर स्थान चिह्नित किया जायेगा।

सौंपे गये ज्ञापन में पथ विक्रेता अधिनियम 2014 के तहत दुंदीबाद और सेक्टर 12 मोड़ के सभी मीट-मुर्गा दुकानों को पुनर्वासित करने, दुग्गल गेट के समीप खाली स्थान पर पुनर्वासित करने, सेल प्रबंधन से बात कर सेक्टर पांच हटिया की तरह चबूतरा बनाकर आंवटन, बिजली-पानी की सुविधाजनक व्यवस्था करने, जिला प्रशासन द्वारा सभी दुकानदारों को मीट-लाईसेंस प्रदान करने, हवाई अड्डा चाहरदीवारी से सटे झुग्गीवासियों को अनुसूचित जाति-जनजाति और अन्य गरीब बेघरों के शहरी भूमिहीन कानून के तहत पुनर्वासित करने आदि मांगे शामिल हैं। प्रतिनिधिमंडल में महासंघ के जिलाध्यक्ष श्रीभगवान सिंह कुशवाहा, उपाध्यक्ष सत्येंद्र ठाकुर, दुकानदार संतोष मेहता, प्रकाश महतो, राजू महतो सहित अन्य शामिल थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *