बेऊर जेल से मिले हुक्म पर हत्या, बड़े पैमाने पर रेड, एक हिरासत में
प्रहरी संवाददाता/पटना (बिहार)। बिहार की राजधानी पटना में बीते 4 जुलाई की देर रात जाने-माने उद्योगपति गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वे गांधी मैदान के समीप स्थित अपने अपार्टमेंट में लौट रहे थे, जब अपराधियों ने उनके गेट के ठीक सामने उन्हें गोली मार दी।
बताया जाता है कि उद्योगपति गोपाल खेमका देर रात बांकीपुर क्लब से खुद कार ड्राइव कर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे अपने अपार्टमेंट के गेट के समीप पहुंचे कि पहले से घात लगाए अपराधियों ने बेहद करीब से उनके सिर में गोली मार दी। परिजन उन्हें फौरन पटना के मेडिवर्सल अस्पताल लेकर गए, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। ज्ञात हो कि, छह साल पुर्व उनके भतीजे की भी हत्या अपराधियों द्वारा कर दी गयी थी।
बताया जाता है कि पटना के मशहूर कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या मामले में पुलिस को कुछ अहम जानकारी हाथ लगी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड की साजिश पटना की बेऊर जेल के भीतर रची गई थी। इसी इनपुट के आधार पर पटना पुलिस ने 5 जुलाई को बेउर जेल में बड़े पैमाने पर छापेमारी शुरू कर दी है।

बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार के अनुसार एसपी सिटी सेंट्रल के नेतृत्व में एसआईटी का गठन कर दिया गया है। अपराधी जल्द पकड़े जाएंगे। आईजी और प्रमंडलीय आयुक्त के नेतृत्व में ऑपरेशन शुरू किया गया है। छापेमारी टीम में पटना एसएसपी, तीनों सिटी एसपी और दर्जनों थानों की पुलिस टीमों को शामिल किया गया है।
पुलिस के अनुसार जेल में बंद कुछ संदिग्ध कैदियों ने बाहर के शूटरों को हत्या के निर्देश दिए थे। पुलिस की टीम फिलहाल जेल के अंदर संदिग्ध कैदियों के सेल की गहन तलाशी ले रही है। आशंका जताई जा रही है कि कुछ कुख्यात गैंगस्टरों का इस हत्या में सीधा संबंध हो सकता है। फिलहाल एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है। जेल प्रशासन भी इस पूरे मामले में पुलिस को पूरा सहयोग दे रहा है।
बताया जाता है कि बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें टारगेट कर बेहद नजदीक से गोली मारी, जिससे खेमका की मौके पर ही मौत हो गई थी। उक्त घटना के बाद बिहार के उप मुख्यमंत्री (डिप्टी सीएम) विजय सिन्हा ने मृतक उद्योगपति के परिजनों से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि अपराधी की पहचान कर ली गई है। उन्होंने भ्रष्ट और निकम्मे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की बात भी कही है। उन्होंने कहा कि खेमका के भतीजा की वर्ष 2018 में हुई हत्या मामले में अबतक कार्रवाई क्यों नहीं की गयी, इसको लेकर भी जांच की जाएगी और जमीन माफियाओं के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
![]()













Leave a Reply