Advertisement

अभिभावक बच्चों को कैरियर चुनने में पूरी आजादी एवं सहयोग करें-आयुक्त

मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में अव्वल छात्रों-छात्राओं को किया गया सम्मानित

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण प्रमंडल के आयुक्त गोपाल मीणा ने 16 अप्रैल को छपरा स्थित भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में अव्वल छात्रों एवं छात्राओं को अपनी सफलता को सहेजने की नसीहत दी।

आयुक्त मीणा ने कहा कि बच्चे अपनी सफलता पर गर्व करें, लेकिन घमंड कभी भी न करें। कहा कि सफलता को भी सहजता से लेना चाहिये। उन्होंने उपस्थित अभिभावकों से कहा कि अभिभावक बच्चों को अपना कैरियर चुनने में पूरी आजादी दें। उनके फैसले का सम्मान कर इसमें जरूरी सहयोग करें।

इस अवसर पर सारण जिला उप विकास आयुक्त यतेंद्र कुमार पाल ने कहा कि इस परीक्षा में अव्वल आने के बाद आगे की यात्रा में भी कई परीक्षाएं होंगी। इन सभी परीक्षा में इसी हौसले के साथ सामना करना है। उन्होंने एकेडमिक के साथ-साथ जीवन के अन्य क्षेत्रों में भी आने वाली चुनौतियों एवं परीक्षाओं के लिये सभी को शुभकामनाएं दीं।

मैट्रिक में कुल 23 व् इंटरमीडिएट के विभिन्न संकायों में 41 छात्र-छात्रा टॉप टेन में शामिल

इससे पूर्व भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह में आयोजित सम्मान समारोह कार्यक्रम का शुभारंभ मेधावी बच्चियों के माध्यम से दीप प्रज्वलित कर कराया गया। सभी छात्रों एवं छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो भेंट किया गया तथा उनके अभिभावकों-शिक्षकों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा में सारण जिला में प्रथम 10 रैंक प्राप्त करने वाले सभी छात्रों एवं छत्राओं को सम्मानित किया गया। मैट्रिक में कुल 23 छात्र/छात्रा तथा इंटरमीडिएट की विभिन्न संकायों में कुल 41 छात्र -छात्राएं जिला में टॉप 10 रैंक में शामिल हैं। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कला संस्कृति पदाधिकारी व् शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *