Advertisement

केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में अभिभावक-शिक्षक गोष्ठी का आयोजन

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में 16 दिसंबर को कक्षा 11 वीं के विद्यार्थियों और अभिभावकों के साथ शिक्षक अभिभावक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में बड़ी संख्या में उपस्थित होकर अपने बच्चों के शैक्षणिक स्थिति से अवगत हुए।

आयोजित गोष्ठी में सर्वप्रथम कक्षाध्यापकों एवं विषय अध्यापकों ने क्रमशः अनुशासन, मंदग्राही विद्यार्थियों में अधिगम, क्रिया कलाप के माध्यम से अधिगम, अकादमिक उत्कृष्टता, सह पाठ्यगामी क्रिया कलाप, नैतिक शिक्षा, कक्षा उपस्थिति, अभिभावकों, शिक्षकों, विद्यालय व समाज की भूमिका पर विस्तृत व सारगर्भित संबोधन किया।

अध्यक्षता कर रहे विद्यालय के प्राचार्य डॉ बलराम डे ने सभी पक्षों पर अभिभावकों से खुलकर विचार विमर्श किया। विद्यार्थियों के समुचित व सर्वांगीण विकास हेतु उन्होंने मार्गदर्शन प्रदान किया। साथ हीं उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका पर प्रकाश डाला। गोष्ठी के दौरान कक्षाध्यापकों ने अर्द्धवार्षिक परीक्षा परिणाम का विश्लेषण प्रस्तुत किया एवं अकादमिक सुधार हेतु लिए गए निर्णय को लिपिबद्ध किया।

बैठक में प्राचार्य डॉ डे ने परीक्षा की तैयारी और परीक्षा के तनाव से मुक्ति से संबंधित निर्देश दिए। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों से संवाद करने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक माता पिता को अपने बच्चों के तकलीफ को जानकर दूर करने का प्रयास करना चाहिए एवं विद्यार्थियों को भी अपने माता-पिता से वार्तालाप कर समय पर अगर कोई समस्या हो तो साझा कर समाधान करना चाहिए। कहा कि कोरोना के उपरांत विद्यार्थियों में लिखने की अभ्यास में कमी आई है, परन्तु परीक्षा में लिखने का ही अंक मिलता है।

इसलिये विद्यार्थियों को ज़्यादा से ज्यादा लिखने का अभ्यास करना चाहिए। खुला मंच के तहत बच्चों व अभिभावकों से उनके बहुमूल्य सुझाव/ विचार के लिए उन्हें आमंत्रित किया गया। जिसके फलस्वरूप विद्यालय व विद्यार्थी कल्याण को दृष्टिगत रखते हुए बहुत से अभिभावकों ने विचार व्यक्त किए।
गोष्ठी का संचालन वरीय शिक्षक राकेश कुमार पाठक ने किया। बैठक में कक्षा ग्यारहवीं विज्ञान एवं ग्यारहवीं वाणिज्य के कक्षा अध्यापकों के साथ-साथ आनंद कुमार, अजय कुमार, गौरव कुमार, रूबी कुमारी, आशा प्रजापति, रूचि पांडेय आदि शिक्षकगण उपस्थित रहे।

अंत में प्राचार्य डॉ डे और शिक्षकों ने गोष्ठी में पधारें सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त किया एवं उन्हें आश्वासन दिया कि संपूर्ण विद्यालय परिवार उनके बच्चों के समुचित व सर्वांगीण विकास हेतु दृढ़ संकल्पित है। सौहार्दपूर्ण वातावरण में गोष्ठी संपन्न हो गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *