विजय कुमार साव/गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्र में हाथियों के आने की धमक तथा तांडव से रहिवासियों में दहशत में है। हाथियों ने रहिवासियों के धान एवं आलू की फसल को नष्ट कर दिया है।
जानकारी के अनुसार गोमिया प्रखंड के हद में अति सुदूरवर्ती क्षेत्र तिलैया पंचायत में 17 दिसंबर की अहले सुबह हाथियों के समूह ने अचानक दस्तक दी। रहिवासियों के अनुसार हाथियों का झुंड अपने बच्चों के साथ आते हैं और गांव में तांडव मचा कर चले जाते हैं। हाथी खलिहान में रखे धान एवं आलू की फसल को अपने पैरों से रौंद कर चले जाते हैं।
उनकी हर शाम दहशत में गुजरती है। बताया जाता है कि वन विभाग के कर्मचारियों के आने से पहले ही हाथी सब कुछ नष्ट कर चले जाते हैं। बताया जाता है कि प्रखंड के हद में तिलैया पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र की ग्रिल को हाथियों ने तोड़ दिया, वहीं दूसरी ओर डाका साड़म में हाथियों ने आलू की फसल को नष्ट कर दिया।
बीते कुछ दिनों पहले हाथियों ने एक महिला एवं दो युवकों को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया था। हाथियों का झुंड फिर से इसी गांव में दस्तक दे रहे हैं, जिस कारण रहिवासी शाम ढलते ही अपने घरों में दुबक जाते हैं। रहिवासियों के अनुसार उनका जीना मुहाल हो गया है। उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा कि इस समस्या से जल्द से जल्द उन्हें निजात दिलाया जाए।
![]()













Leave a Reply