Advertisement

सीसीएल एवं डीएवी कथारा द्वारा संयुक्त रूप से योग दिवस पर चित्रकला प्रतियोगिता

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में सीसीएल कथारा क्षेत्र के सीएसआर विभाग द्वारा डीएवी कथारा में 18 जून को संयुक्त रूप से चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

ज्ञात हो कि, विद्यालय परिवार योग दिवस के आयोजन को भव्य एवं अभूतपूर्व बनाने के लिए प्रतिदिन भिन्न-भिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रहा है। इसी श्रृंखला में 18 जून को विद्यालय परिसर में कक्षा तीसरी से पांचवी के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें चारों सदनो यथा दयानंद सदन, अरविंदो सदन, विवेकानंद सदन एवं श्रद्धानंद सदन के चार-चार विद्याथियों ने भाग लिया।

कथारा क्षेत्र के विभागाध्यक्ष सीएसआर चंदन कुमार के देखरेख में नन्ही कूँँचियों ने योग से संबंधित सतरंगी रंग बिखेर कर सबको अचंभित कर दिया। एक से एक मनमोहक और योग के महत्व को दर्शाने वाले चित्र उभर कर सामने आए। किसी ने योग के महत्व को दर्शाया, तो किसी ने योगासन करते बालकों को दिखलाया। हर चित्र रंगों से भरा अपनी अलग कहानी बयां कर रहा था।

डीएवी कथारा के वरीय शाखा के बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता का आगाज कला शिक्षक संजय महतो की निगरानी में आयोजित किया गया। जिसका विद्यालय के प्राचार्य डॉ जी.एन खान द्वारा निरीक्षण किया गया। बच्चों की कलाकारी देख वे हर्षित थे। उन्होंने अपने संबोधन ने कहा कि यहां के बच्चे एक कुशल नेतृत्व में आने वाले भविष्य के महान कलाकार बन सकते हैं।

योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्राचार्य ने कहा कि योग भारत की एक ऐसी स्वास्थ्य विधा है, जो समस्त विश्व को स्वस्थ और सुखी जीवन का आधार प्रदान करेगी। कहा कि योग भारत की प्राचीन धरोहर है, जिसका लोहा संपूर्ण विश्व ने माना है। यह धरोहर हमारे आने वाली पीढ़ी को हस्तांतरित होगी, जो उन्हें एक समृद्धशाली संस्कृति की ओर ले जाएगी। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया योग के महत्व को समझते हुए और उसे सम्मान देते है और प्रत्येक वर्ष 21 जून को विश्व योग दिवस मनाया जाता है।

प्राचार्य डॉ खान ने जानकारी देते हुए कहा कि आयोजित प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागियों को सीसीएल कथारा क्षेत्र द्वारा योग दिवस के अवसर पर पुरस्कृत किया जाएगा। विद्यालय के सी.सी.ए. विभाग द्वारा इस चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जो पूर्णतया सफल रहा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *